#अपराध
December 17, 2025
हिमाचल : हंसते-खेलते दो परिवार उजड़े, एक ने निगला जह*र; दूसरे की पशुशाला में मिली देह
माता-पिता के साथ रहता था सुनील, अलग रहते थे पत्नी और बेटा
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मरने वालों में एक की उम्र 23 साल है। जबकि, दूसरा व्यक्ति शादीशुदा है और उसका एक मासूम बेटा भी है।
पुलिस टीम ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद दोनों शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया है। बेटों की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। जबकि, पूरे इलाके में माहौल गमगीन बना हुआ है।
पहला मामला लंबागांव पुलिस थाने के अंतर्गत रिट्ट गांव से सामने आया है- जहां पर 38 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति सुनील कटोच फंदे से लटका मिला है। मृतक के पिता दिलवाग कटोच ने बताया कि सुनील की पत्नी और बेटा किराए पर घर लेकर अलग से रहते थे। जबकि, सनील उनके साथ गांव में रहता था।
पिता ने बताया कि बीते कल वो किसी काम से पड़ोसी की पशुशाला की ओर गए। जैसे ही वो पशुशाला के अंदर पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि सुनील पशुशाला के बरामदे में रस्सी के सहारे लटका हुआ था।
बेटे को लटका देख उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह सुनील को फंदे से नीचे उतारा। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी- सुनील ने दम तोड़ दिया था। उधर, मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस टीम मामले से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि सुनील ने आत्महत्या क्यों की। पुलिस टीम द्वारा मृतक के पिता और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान कलमबद्ध कर लिए गए हैं।
वहीं, दूसरा मामला पालमपुर थाने के अंतर्गत सामने आया है-जहां पर एक 23 साल के युवक की जहरीला पदार्थ खाने के कारण मौत हो गई है। परिजनों ने बताया कि बीती 5 दिसंबर को युवक ने दवाई की जगह गलती से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था।
इसके बाद उसकी हालत काफी बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में भर्ती करवाया गया था। जहां पर पिछले कई दिनों से उसका इलाज चल रहा था। मगर डॉक्टरों की कड़ी कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी और उसने उपचार के दौरान बीते दिन दम तोड़ दिया।