मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई। घर के अंदर हुआ आपसी झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया। गुस्से में आए पति ने अपनी ही पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। इस घटना में महिला बुरी तरह झुलस गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी के कोटली उपमंडल के तहत आने वाले सपलोह गांव में बीते गुरुवार को पेश आया है। सुबह के समय पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। शुरू में यह सामान्य बहस थी, लेकिन धीरे-धीरे विवाद बढ़ता चला गया।
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू ने दूसरी बार बुलाई सर्वदलीय बैठक, प्रदेश पर छाए वित्तीय संकट पर होगी चर्चा
गुस्से में पति ने पत्नी को लगाई आग
गुस्से में आकर आरोपी पति ने अपना आपा खो दिया और घर में रखा पेट्रोल उठाकर पत्नी नीलम पर उड़ेल दिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने महिला को घेर लिया। महिला की चीख-पुकार से घर और आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत मौके पर पहुंचे
आग से बुरी तरह झुलसा महिला का शरीर
परिजनों और ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की और गंभीर रूप से झुलसी महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन महिला की हालत बेहद गंभीर थी। उसके शरीर के कई हिस्से, खासकर चेहरा और सिर के बाल बुरी तरह जल गए थे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में कोहरे का 'येलो अलर्ट': 100 मीटर से कम विजिबिलिटी, जानें कब बिगड़ेगा मौसम
अच्छे इलाज के लिए किया रेफर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे जोनल अस्पताल मंडी रेफर किया गया। वहां भी डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन बेहतर सुविधा और विशेषज्ञ उपचार की जरूरत को देखते हुए उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया। आखिरकार, डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसका विशेष इलाज जारी है।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें: कंगाली में 'मौज' की तैयारी पर फिरा पानी: सुक्खू सरकार ने रोका APMC चेयरमैनों की सैलरी बढ़ाने का फैसला
पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
ASP अभिमन्यु वर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से पेट्रोल के नमूने और अन्य अहम सबूत जुटाए हैं, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। ASP ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और हर पहलू का जांच की जा रही है।
