मंडी। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अब सिर्फ नशे के साथ पकड़े जा रहे आरोपियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनके साथ जुड़े लोगों तक भी पहुंच रही है। ऐसा ही एक मामला जिला मंडी से सामने आया है, जहां नशे के साथ पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके एक और साथी को गिरफ्तार किया है।
7 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया था शुभम
सरकाघाट पुलिस ने वीरवार रात करयाल गांव के रहने वाले शुभम को 7 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। इसके बाद शुक्रवार सुबह पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान शुभम ने पुलिस को नशे के कारोबार में शामिल अपने एक साथी के बारे में जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- PM मोदी से दिल्ली में जयराम ठाकुर ने की मुलाकात- हिमाचल की राजनीति पर हुई चर्चा
आरोपी की निशानदेही पर दूसरे घर में दबिश
शुभम से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दरकोहल गांव में बताए गए व्यक्ति के घर पर दबिश दी। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को 2 लाख 40 हजार रुपये नकद मिले। पुलिस ने इस रकम को अपने कब्जे में ले लिया और मौके से दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा आरोपी 31 साल का सनी चंदेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की पहचान 31 वर्षीय सनी चंदेल पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव दरकोहल, डाकघर व तहसील बल्द्वाड़ा, मंडी के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी और चिट्टे के मामले के बीच क्या संबंध है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 200 पदों पर निकली भर्ती : दसवीं पास को भी मिलेगी नौकरी, यहां जानें सबकुछ
दोनों आरोपियों को 24 अगस्त तक पुलिस रिमांड
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को 24 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान पुलिस दोनों से नशे के पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगी।
चिट्टा कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस की जांच अभी जारी है।
