कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार में पंजाब से घूमने आए कुछ टूरिस्टों की दबंगई देखने को मिली। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी झगड़े में बदल गई और टूरिस्टों ने तलवारें निकालकर स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी
मामला इतना बढ़ गया कि देर रात तक लोग थाने के बाहर डटे रहे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अब इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें युवक खुलेआम तलवारें लहराते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार ने सिले कर्मचारियों के मुंह : अब सोशल मीडिया पर नहीं कर सकेंगे टिप्पणी
कार को टक्कर लगने से हुई बहस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 10 मई की शाम की बताई जा रही है। पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना इलाके से चार युवक घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश आए थे। इनमें मंदीप सिंह, प्रदीप सिंह, जश्नप्रीत और प्रीतपाल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बंजार इलाके में इनकी गाड़ी से एक स्थानीय व्यक्ति को हल्की टक्कर लग गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
कार से निकाली तलवारें किया लोगों पर हमला
शुरुआत में लोगों को लगा कि मामला सामान्य कहासुनी तक ही रहेगा, लेकिन अचानक माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि पंजाब से आए दो युवकों ने अपनी गाड़ी से तलवारें निकाल लीं और स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। तलवार के हमले में दो लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- 'नहीं मिली सैलेरी'- आज सुबह 10 बजे से HRTC बसों की हड़ताल, सुक्खू सरकार के खिलाफ नाराजगी
हमले में दो लोग घायल
एक युवक के हाथ पर गहरा कट लग गया, जबकि दूसरे के गाल पर तलवार लगने से गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन इसके बाद मामला और ज्यादा गरमा गया।
पुलिस पर रिश्वत लेकर आरोपियों को छोड़ने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने में लगी हुई थी। लोगों ने दावा किया कि आरोपी नशे की हालत में थे और पुलिस पर रिश्वत लेकर उन्हें छोड़ने की कोशिश करने के आरोप भी लगाए गए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में मैरिज फ्रॉड का मामला : फर्जी निकली पंजाबी दुल्हन, नकली आधार कार्ड दिखा रचाई शादी
आरोपियों को थाने में VIP दिया ट्रीटमेंट
स्थानीय लोगों का कहना था कि आरोपियों ने पुलिस को 5 लाख रुपए देने की बात कही थी ताकि मामला दबाया जा सके। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। लोगों का गुस्सा इस बात को लेकर भी था कि आरोपियों को थाने में VIP ट्रीटमेंट दिया जा रहा था।
पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग
बताया जा रहा है कि थाने पहुंचने के बाद भी आरोपियों के मोबाइल फोन उनसे नहीं लिए गए और वे लगातार फोन पर बात करते रहे। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग कुल्लू के सैंज थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। देर रात तक थाने में हंगामे जैसा माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में वृद्धावस्था पेंशन घोटाले पर बड़ा एक्शन: FIR दर्ज, अफसरों समेत 44 पर बैठी जांच
सुबह 4 बजे तक थाने में डटे रहे लोग
लोग पुलिस अधिकारियों से लगातार बहस करते रहे और सवाल उठाते रहे कि जब खुलेआम तलवारों से हमला हुआ है तो आरोपियों को तुरंत जेल क्यों नहीं भेजा जा रहा। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग 11 मई की सुबह करीब 4 बजे तक थाने में डटे रहे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरे मामले के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में तलवार लेकर खड़ा है, जबकि गाड़ी के अंदर भी हथियार नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में और ज्यादा नाराजगी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : नातिन ने अपने ही नानी घर में डाला डाका, 22 लाख के गहने चुराए- हरियाणा से हुई गिरफ्तार
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं पुलिस का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद कार्रवाई की थी। सैंज थाना के जांच अधिकारी किशोरी लाल के मुताबिक, पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया था। घायलों का मेडिकल करवाने के बाद आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 281, 125(A), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई तलवारें भी बरामद कर ली हैं।
