#अव्यवस्था
May 13, 2026
'नहीं मिली सैलेरी'- आज सुबह 10 बजे से HRTC बसों की हड़ताल, सुक्खू सरकार के खिलाफ नाराजगी
प्रदेशभर में बसें डिपो में खड़ी कर दी जाएंगी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम में वेतन को लेकर कर्मचारियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। मई महीने की 12 तारीख बीत जाने के बावजूद कर्मचारियों के खातों में सैलरी नहीं पहुंचने से निगम के चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारी आंदोलन के मूड में आ गए हैं।
कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर 10 बजे तक वेतन जारी नहीं हुआ तो प्रदेशभर में बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। वेतन में देरी को लेकर मंगलवार को शिमला स्थित HRTC मुख्यालय में चालक एवं परिचालक यूनियन की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए आंदोलन की रणनीति तैयार की। इसके बाद कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय के बाहर गेट मीटिंग कर जोरदार नारेबाजी भी की। कर्मचारियों का कहना है कि कई महीनों से वेतन समय पर नहीं मिल रहा और अब हालात असहनीय हो चुके हैं।
यूनियन नेताओं ने स्पष्ट कहा कि अगर आज सुबह 10 बजे तक कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा तो प्रदेशभर में बसें डिपो में खड़ी कर दी जाएंगी। चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर, परिचालक यूनियन के अध्यक्ष प्रीत महेंद्र और महासचिव दिपेंद्र कंवर ने कहा कि कर्मचारी अब अपने फैसले पर अडिग हैं और बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा।
कर्मचारियों का कहना है कि हर महीने वेतन में देरी के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। कई कर्मचारियों ने बैंकों से लोन ले रखे हैं, बच्चों की स्कूल फीस जमा करनी होती है और बाहर पढ़ रहे बच्चों के खर्च भी उठाने पड़ते हैं।
समय पर वेतन न मिलने से परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हर महीने उन्हें सैलरी के लिए इंतजार करवाया जाता है, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है।
HRTC में करीब 12 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि लगभग 7 हजार पेंशनर भी निगम पर निर्भर हैं। जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार हर महीने निगम को 50 से 55 करोड़ रुपये की ग्रांट इन एड देती है, जिसमें से करीब 46 करोड़ रुपये वेतन भुगतान पर खर्च हो जाते हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा।
उधर, निगम प्रबंधन ने दावा किया है कि वेतन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। HRTC प्रबंध निदेशक डा. निपुण जिंदल ने कहा कि कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया गया है और बुधवार तक सभी कर्मचारियों के खातों में राशि पहुंच जाएगी। हालांकि कर्मचारी संगठनों ने साफ कर दिया है कि यदि तय समय तक वेतन नहीं आया तो आंदोलन हर हाल में होगा।