राजनीति

#अपराध

November 4, 2026

हिमाचल: कपड़ा कारोबारी की दुकान में घुसे दो नकाबपोश, मांगी 15 लाख की रंगदारी

पहले व्हाट्सएप कॉल कर मांगी थी फिरौती, अब दुकान में आ घुसे

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Solan Crime News

सोलन। हिमाचल प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद होते दिखाई दे रहे हैं कि अब वे दिनदहाड़े कारोबारियों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की रंगदारी मांगने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ताजा सनसनीखेज मामला सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला से सामने आया है।

 

यहां हथियारों से लैस दो नकाबपोश बदमाश एक कपड़ा व्यापारी की दुकान में घुस गए और उससे 15 लाख रुपये की रंगदारी मांग डाली। इतना ही नहीं, रकम नहीं देने पर कारोबारी और उसके पूरे परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई। आरोपियों की इस हरकत से कारोबारी परिवार में दहशत का माहौल है। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

पहले व्हाट्सएप कॉल से डराया

जानकारी के अनुसार बरोटीवाला में अभिषेक नाम का व्यक्ति रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता है। अभिषेक की शिकायत के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उसे अज्ञात मोबाइल नंबरों से लगातार व्हाट्सएप कॉल आ रहे थे। कॉल करने वाले उससे 15 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रकम नहीं देने पर उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं। शुरुआत में फोन के जरिए डराने का सिलसिला चला, लेकिन सोमवार को आरोपियों ने कथित तौर पर सीधे दुकान में पहुंचकर अपनी धमकी को और गंभीर रूप दे दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा के इस दिग्गज नेता का निधन, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

दुकान पर आ धमके दो नकाबपोश

सोमवार दोपहर अभिषेक खाना खाने के लिए अपने घर गया हुआ था। इस दौरान दुकान पर उसका कर्मचारी प्रकाश चंद अकेला मौजूद था। तभी चेहरे पर कपड़ा बांधे दो अज्ञात युवक अचानक दुकान में दाखिल हुए। शिकायत के अनुसार, दोनों के पास हथियार थे। दुकान में घुसते ही उन्होंने कर्मचारी से मालिक अभिषेक के बारे में पूछताछ की और 15 लाख रुपये देने की मांग दोहराई। अचानक हथियारबंद युवकों को सामने देखकर कर्मचारी घबरा गया।

फोन पर व्यापारी को धमकी

घटना के दौरान कर्मचारी प्रकाश चंद ने तुरंत अभिषेक को फोन किया और उसकी बात दुकान में मौजूद दोनों युवकों से करवाई। आरोप है कि फोन पर भी बदमाशों ने व्यापारी को धमकाया और साफ कहा कि यदि 15 लाख रुपये नहीं दिए तो उसे और उसके परिवार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इस धमकी के बाद कारोबारी और उसका परिवार भयभीत है। दिनदहाड़े दुकान में हथियार लेकर पहुंचने की इस घटना ने क्षेत्र के अन्य कारोबारियों की चिंता भी बढ़ा दी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस भाजपा विधायक की कंपनी पर बड़ी कार्रवाई, 6 लाख का लगा जुर्माना

एसपी बद्दी तक पहुंचा मामला

घटना के बाद पीड़ित अभिषेक ने पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान से शिकायत की है। उसने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। कारोबारी का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार के सदस्य डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं। अब पीड़ित को पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है।

रंगदारी और धमकी के मामले में FIR दर्ज

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कपड़ा कारोबारी से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकाने की शिकायत पुलिस को मिली है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना बरोटीवाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(4), 308(3), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए जांच कर रही हैं।

 

यह भी पढ़ें : रामपुर ने खोया अपना नेता, राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए नंदला

औद्योगिक क्षेत्र में कारोबारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

बरोटीवाला प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में उद्योगों के साथ व्यापारिक प्रतिष्ठान भी संचालित होते हैं। ऐसे में एक कारोबारी से कथित तौर पर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और हथियारबंद युवकों के दुकान तक पहुंचने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करने, उन्हें गिरफ्तार करने और इस बात का पता लगाने की चुनौती है कि इस वारदात के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और क्षेत्र के व्यापारियों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख