#अपराध
May 13, 2026
हिमाचल : नातिन ने अपने ही नानी घर में डाला डाका, 22 लाख के गहने चुराए- हरियाणा से हुई गिरफ्तार
नानी और मामी दोनों के गहने नातिन ने घर से किए चोरी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लंबागांव क्षेत्र में एक 29 वर्षीय महिला को अपनी ही नानी और मामी के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।
आरोप है कि महिला ने बेहद चालाकी से दो अलग-अलग मौकों पर करीब 22 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। इतना ही नहीं लंबे समय तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी।
जानकारी के अनुसार, मामला पुलिस थाना लंबागांव के तहत आने वाले गांव सोल बनेहड़ का है। आरोपी महिला पिछले तीन महीनों के दौरान दो बार अपनी नानी के घर आई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पहली बार महिला ने अपनी नानी के गहनों पर हाथ साफ किया, जबकि दूसरी बार उसने अपनी मामी के जेवर चोरी कर लिए। परिवार को इस बात का अंदाजा तक नहीं हुआ कि घर में मौजूद गहने धीरे-धीरे गायब हो रहे हैं।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 2 मई को सास और बहू किसी पारिवारिक समारोह में जाने के लिए तैयार हो रही थीं। इसी दौरान उन्होंने अलमारी में रखे गहने निकालने चाहे, लेकिन जेवर अपनी जगह पर नहीं मिले। जब पूरे घर में तलाश की गई तो लाखों रुपये के गहने गायब पाए गए। करीब 22 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने जब आपस में बातचीत कर घटनाक्रम को जोड़ना शुरू किया तो शक परिवार की दोहती पर गया। इसके बाद परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों से मिली सूचनाओं और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को दूसरे प्रदेश से हिरासत में लिया और सोमवार को लंबागांव थाना लाया गया।
पुलिस पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हरियाणा से एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि चोरी किए गए गहनों को ठिकाने लगाने में उसकी भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और चोरी के सामान की बरामदगी को लेकर जांच में जुटी हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए संदीप शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला को जयसिंहपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी किए गए गहनों का कितना हिस्सा बरामद हुआ है और वारदात में किन-किन लोगों ने आरोपी की मदद की।