कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच कुल्लू पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। आधी रात को की गई कार्रवाई में पुलिस ने पंजाब रोडवेज की बस से यात्रा कर रहे हरियाणा के एक युवक को 61 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ दबोच लिया। यह खेप वह कथित तौर पर हिमाचल में सप्लाई करने के इरादे से लेकर आया था।
चिट्टे की बड़ी खेप के साथ पकड़ा युवक
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात थाना कुल्लू की टीम ने तलोगी क्षेत्र में नाकाबंदी की हुई थी। टीम हर गुजरने वाले वाहन की गहन तलाशी ले रही थी। इसी दौरान पंजाब रोडवेज की बस (पीबी 65 बीबी 7138)चंडीगढ़ से मनाली की ओर आ रही थी। जब बस की जांच की गई तो एक यात्री की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस का ध्यान गया। जांच में युवक के बैग से 61 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें : मंत्री जगत नेगी बोले- अगले मुख्यमंत्री के रूप में नाम कटने से विचलित हो रहे हैं जयराम ठाकुर
चिट्टा सप्लाई करने आ रहा था युवक
आरोपी की पहचान राहुल कुमार (23) निवासी ऐलनाबाद जिला सिरसा हरियाणा के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह यह खेप पंजाब से लेकर आया था और इसे हिमाचल में आगे बेचने की योजना थी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन.सा नेटवर्क काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन, 4 टॉप कुर्सियों पर कार्यवाहक अधिकारी, राज्यपाल ने लिया संज्ञान
कुल्लू पुलिस ने की कार्रवाई
थाना कुल्लू में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू डॉ कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हिमाचल में बाहरी राज्यों से नशे की सप्लाई रोकने के लिए पुलिस की टीमें लगातार चौकसी बरत रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब से नशे की खेपें लगातार हिमाचल में प्रवेश करने की कोशिश कर रही हैं। लेकिन हमारी पुलिस टीम रात.दिन सतर्क है। नशे के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : घर से झूठ बोलकर निकला था राजीव, अब गोबिंद सागर में मिली देह- जानें क्या है मामला
चंबा में भी नशे का सौदागर गिरफ्तार
उधरए चंबा पुलिस ने एक अलग कार्रवाई में उत्तर प्रदेश निवासी व्यक्ति को 1.44 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय के समीप चामुंडा माता मंदिर जम्मूहार मार्ग पर गश्त के दौरान जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति को देखकर संदिग्ध युवक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तलाशी लेने पर कोकीन बरामद की। आरोपी की पहचान पार्थ अरोड़ा निवासी सिटी हॉस्पिटल गांधी नगर बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और नशे की खेप कहां से लाई गई, इसकी जांच शुरू कर दी है।
