कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है। नशा तस्करी में पुरुषों के अलावा अब महिलाएं भी पकड़ी जा रही हैं। बड़ी बात यह है कि उम्रदराज महिलाएं भी नशा तस्करी के धंधे को अंजाम दे रही हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के कुल्लू जिला से सामने आया है। यहां पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला को नशे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
कुल्लू जिला से सामने आया मामला
मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू जिला के पतलीकूहल में पुलिस ने एक 62 साल की महिला को चरस की बड़ी खेप के साथ पकड़ा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महिला ने घर में चरस की खेप को छिपा रखा है। जिसके बाद पुलिस ने महिला के घर में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को महिला के घर से चरस की खेप बरामद हुई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कल महिलाओं को मिल सकते हैं 1500 रुपए, जानिए क्या है CM सुक्खू का प्लान
स्टोर में छिपाया था नशा
पकड़ी गई महिला की पहचान मोक्षा जेटली के रूप में हुई है। यह महिला कुल्लू जिला के डोभी क्षेत्र के सलिंगचा गांव की रहने वाली है। पुलिस ने उसके घर में दबिश देकर घर के स्टोर से चरस की खेप को बरामद किया है। महिला ने इस चरस को सेब के पौधे के पास टीम की चादर से ढकी हुई शटरिंग की लकड़ियों के नीचे छिपाया हुआ था। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 10 साल रहा सलाखों के पीछे, जेल से बाहर आते ही लूटपाट की शुरू- फिर हुआ अरेस्ट
क्या कहते हैं पुलिस कप्तान
मामले की पुष्टि करते हुए कुल्लू के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गोकुल चंद्रन कार्तिकेयन ने बताया कि महिला के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारियों ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला चरस की खेप कहां से लाई थी और उसे आगे कहां बेचना थाए इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : HP नंबर का कैंटर खड़े ट्रक से भिड़ा: दो लोग थे सवार - दोनों नहीं बचे
बता दें कि हिमाचल में नशे का प्रचलन काफी बढ़ गया है। चरस के साथ चिट्टे के मामले भी हर दिन रिपोर्ट किए जा रहे हैं। बड़ी बात यह है कि अब सरकारी अधिकारी भी नशे के साथ पकड़े जा रहे हैं। वहीं अब महिलाओं का नशे में उतरना एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है।
