धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी में एक युवती के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज खबर सामने आई है। आरोपी होटल का कर्मचारी बताकर कमरे में घुसा और फिर उसने पर्यटक युवती के साथ दुराचार किया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी भागने में सफल नही हो पाया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

मैक्लोडगंज के होटल में दुष्कर्म

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना हिमाचल के कांगड़ा जिला की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज की बताई जा रही है। यहां दिल्ली की एक पर्यटक युवती के साथ होटल के कमरे में दुराचार किया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ जारी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के एक और गांव पर गहरा संकट: पहाड़ दरका, बादल फटने जैसे बने हालात

दिल्ली से दोस्तों के साथ आई थी हिमाचल

जानकारी के अनुसार दिल्ली की रहने वाली युवती अपने कुछ दोस्तों के साथ हिमाचल घूमने आई थी और मैक्लोडगंज के एक निजी होटल में ठहरी हुई थी। रविवार सुबह उसकी तबीयत खराब होने के कारण वह होटल में ही रुकी, जबकि उसके बाकी साथी घूमने निकल गए थे। इसी दौरान एक युवक जिसने खुद को होटल प्रबंधन का कर्मचारी बताया युवती के कमरे में आ पहुंचा और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के एक और गांव पर गहरा संकट: पहाड़ दरका, बादल फटने जैसे बने हालात

कांगड़ा जिला का है आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी निवासी युवक के रूप में हुई है, जो एलएलबी तक शिक्षित है और दिल्ली से आए ग्रुप के अन्य सदस्यों से जान.पहचान रखता है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी युवती के साथ ठहरे अन्य साथियों को पहले से जानता था, जिससे संदेह है कि वह जानबूझकर होटल में पहुंचा।

पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस थाना मैक्लोडगंज की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पीड़िता का मेडिकल करवाया गया है और प्राथमिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा आदिति शर्मा ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बिगड़े हालात: नाले से आए मलबे में आधी दफन हुई सवारियों से भरी बस; मची चीख पुकार

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जाएगी। उन्होंने कहा कि होटल स्टाफ और अन्य चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद मैक्लोडगंज जैसे शांत पर्यटन स्थल में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि यदि होटल प्रशासन की ओर से लापरवाही पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।