#विविध
July 21, 2025
हिमाचल के एक और गांव पर गहरा संकट: पहाड़ दरका, बादल फटने जैसे बने हालात
मुख्य रास्ता बंद, खेतों को नुकसान
शेयर करें:
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला स्थित आनी उपमंडल की बखनाओ पंचायत के अंतर्गत आते शिकारी गांव में भारी बारिश के बाद भूस्खलन की गंभीर घटना सामने आई है। पहाड़ी से अचानक मलबा और चट्टानों के गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेज बारिश के चलते हो रहे नुकसान से लोग सहमे हुए हैं।
हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई है, लेकिन खेतों, रास्तों और कुछ घरों के आसपास की जमीन को काफी नुकसान पहुंचा है। कुछ लोगों का मानना है कि यहां पिछले कल से भारी बारिश हो रही है और बादल फटने जैसे हालात बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर फटा बादल : मकान, पुल और सड़कें बहीं, पति-पत्नी मलबे में दफन
भूस्खलन के कारण शिकारी गांव का मुख्य पैदल मार्ग पूरी तरह से मलबे में दब गया है, जिससे गांव के लोगों की आवाजाही ठप हो गई है। स्थानीय लोग अपने घरों में ही कैद होकर रह गए हैं, जबकि प्रशासन की ओर से राहत और जांच दल मौके पर भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, गांव के पास से गिर रहा पहाड़ लोगों की चिंता को बढ़ा चुका है। ऐसे में लोग अपने घरों में दुबक कर बस दुआएं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तबाही के बीच एक और दुखद खबर: दो मासूम बच्चे पानी में डूब गए
प्रदेश के कई गांव में 30 जून को मची तबाही के बाद से इस गांव के लोगों की रात की नींद उड़ गई है। गांव के एक छोर से रह-रहकर भूस्खलन हो रहा है। जमीन गीली हो रही है और बारिश रुकने का नाम ही नहीं ले रही।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कई घरों के पास तक मलबा पहुंच गया है और खेतों में भरे पानी और मलबे से फसलें बर्बाद होने की आशंका है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से तत्काल जेसीबी मशीनें भेजने और रास्ता खोलने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट के बीच हवाई सेवाएं ठप : 142 सड़कें बंद, 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
बखनाओ पंचायत के ग्रामीणों का कहना है कि बारिश का सिलसिला अगर यूं ही जारी रहा तो और बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द रास्ता बहाल किया जाए और संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा उपाय किए जाएं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, बाप-बेटे समेत 5 थे सवार, दो ने तोड़ा दम
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर भूस्खलन, सड़कें बंद और नदियां उफान पर हैं। आनी क्षेत्र का यह ताजा मामला सरकार और प्रशासन के लिए अलर्ट का संकेत है।