कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक एक 30 वर्षीय ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। युवक का शव घर में मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद कर जांच तेज कर दी है।
काम से लौटने के बाद परिवार के साथ बिताया समय
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी के टिहरी गांव से सामने आया है। यहां पर युवक गांव में ही एक निजी ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता था। मृतक की मां ब्यासां देवी ने पुलिस को बताया कि युवक रोज की तरह अपना काम खत्म कर शाम के समय घर लौटा था।
यह भी पढ़ें : घर से चल रहा था नशे का धंंधा- लाखों का चिट्टा, 2 iPhone, सोना-चांदी बरामद
वह ट्रैक्टर खड़ा करने के बाद घर आया और परिवार के साथ सामान्य तरीके से समय बिताया। रात करीब सवा आठ बजे उसने खाना खाया और इसके बाद नए बने घर में सोने के लिए चला गया। परिवार को उस समय किसी भी तरह की परेशानी या तनाव का अंदेशा नहीं था।
पंखे से लटक रहा था युवक
अगली सुबह जब उसकी मां उसे उठाने के लिए नए घर में पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे के अंदर युवक का शव पंखे से लटका हुआ था। बेटे को इस हालत में देखकर मां जोर-जोर से रोने लगीं और शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तुरंत पंचायत प्रधान को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया।
यह भी पढ़ें : "किन्नर कैलाश यात्रा को बंद करो"... देव समाज बोला- देवता के आदेश को ना करें अनसुना
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
मृतक की पहचान कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी उपमंडल की ग्राम पंचायत टिहरी निवासी 30 वर्षीय अशोक कुमार, पुत्र स्वर्गीय पैंचू राम, के रूप में हुई है। वह पेशे से एक निजी ट्रैक्टर चालक था।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
फोरेंसिक टीम कर रही मामले की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे की बारीकी से जांच की। टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी वैज्ञानिक तरीके से जांच की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करवाई गई, ताकि जांच के दौरान किसी भी महत्वपूर्ण तथ्य को नजरअंदाज न किया जाए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर के बाहर खेल रही लड़की का फिसला पांव, सामने से आ रही पिकअप ने रौंदा
कमरे से मिला सुसाइड नोट
देहरा के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में नोट में आत्महत्या करने का जिक्र मिला है, लेकिन पुलिस अभी इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है कि यह नोट वास्तव में अशोक कुमार ने ही लिखा है।
सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग एक्सपर्ट करेंगे जांच
उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट को हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लिखावट मृतक की ही है या नहीं। रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस इस संबंध में आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल शर्मसार! चाचा ने दो सगी भतीजियों से खेत और घर में किया दुष्क.र्म, पुलिस ने दबोचा
दो लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस ने मृतक की मां के बयानों और उनके द्वारा जताए गए शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, इन दोनों व्यक्तियों का पहले भी अशोक कुमार के साथ विवाद हो चुका था। इतना ही नहीं, उनके खिलाफ मारपीट का आरोप भी लगा था और इस संबंध में स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई थी।
यह भी पढ़ें : "किन्नर कैलाश यात्रा को बंद करो"... देव समाज बोला- देवता के आदेश को ना करें अनसुना
जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी मौत की असली वजह
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साथ ही हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ भी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि अशोक कुमार ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है। वहीं, युवक की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
पंचायत प्रधान ने जताया शोक, पुलिस जांच जारी
टिहरी पंचायत की प्रधान सरिता देवी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि अशोक कुमार एक होनहार, मिलनसार और मेहनती युवक था। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
