चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां  चंबा शहर के सुल्तानपुर इलाके में एक  ट्रैक्टर मैकेनिक की रहस्यमयी हालत में मौत हो गई है। मृतक किराये के कमरे में बेसुध हालत में पाया गया। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 

ट्रैक्टर रिपेयरिंग का करता था काम

मृतक व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय सुनील कुमार, निवासी सदवां गांव तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। वह लंबे समय से सुल्तानपुर में रहकर ट्रैक्टर रिपेयरिंग का कार्य कर अपना जीवन यापन कर रहा था। बताया जा रहा है कि बीते रोज गुरुवार की शाम को वह अपना काम निपटाकर अपने कमरे में चला गया था। लेकिन सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार फिर ले रही 800 करोड़ का लोन, साल दर साल बढ़ रहा हिमाचल पर कर्ज का बोझ

अंदर से बंद था कमरा

सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक और आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जिसके चलते उन्हांेने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने  दरवाजा तोड़ कर कमरे में प्रवेश किया तो अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए।  सुनील अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रही थी।

 

यह भी पढ़ें : विमल नेगी मामले में हुई फजीहत के बाद सुक्खू सरकार सख्त, बड़े प्रशासनिक फेरबदल की आहट

अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान

पुलिस टीम तुरंत सुनील को चंबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ जालम ने जानकारी दी कि सुनील की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। प्रारंभिक संकेतों के अनुसार, उसकी मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई मानी जा रही है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों एवं परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू ने कल बुलाई कैबिनेट बैठक, इन महत्तवपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुनील की असमय मौत की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर के सदस्य अभी तक इस सदमे से उबर नहीं पाए हैं। गांव में हर आंख नम है और लोग सुनील को एक मेहनती और मिलनसार इंसान के रूप में याद कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह मौत दुर्घटना थीए आत्महत्या या इसके पीछे कोई और साजिश है।

 

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें