चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शिकार करने गए पांच युवकों मंे से एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। यह सभी युवक जंगल में शिकार करने के लिए कार में सवार हो कर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बंदूक से गोली चल गई, जो एक युवक को लग गई, जिससे युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
मृतक के सभी साथी हिरासत में लिए
मामला चंबा जिला के तीसा क्षेत्र का बताया जा रहा है। मृतक युवक की पहचान दलीप उर्फ दीपू पुत्र कंश निवासी गांव व डाकघर तीसा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक युवक के साथ शिकार पर गए चार अन्य युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस की बड़ी सफलता: करोड़ों का चिट्टा पकड़ा, अब तक की सबसे बड़ी खेप
शिकार करने के लिए जा रहे थे जंगल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पांच युवक जंगली जानवरों का शिकार करने के इरादे से बंदूक लेकर चंबा जिला के चकलू क्षेत्र में गए थे। इस दौरान जब यह युवक कार में बैठने लगे तो अचानक से बंदूक से गोली चल गई। यह गोली दलीप की दोनों टांगों को चीरती हुई निकल गई। गोली लगने से घायल हुए युवक को उसके साथी तुरंत ही तीसा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अधिक खून बहने से युवक की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: हॉस्टल की 5वीं मंजिल से कूद गई 16 साल की लड़की, जानें किस बात का है शक ?
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। हिरासत में लिए युवकों की पहचान रूप सिंह पुत्र दौलत राम, हैप्पी पुत्र केवल, सुशील पुत्र लाल चंद और लवली पुत्र महिंदर सिंह शामिल हैं, यह सभी युवक तीसा के स्थानीय निवासी हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक की टक्कर से थमीं स्कूटी सवार महिला की सांसें, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; पीछे रह गए 2 बच्चे
मृतक की ही थी बंदूक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह बंदूक दलीप की थी, हालांकि अन्य किसी भी युवक के पास अभी तक बंदूक का लाइसेंस पुलिस को नहीं मिला है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर भी साक्ष्य जुटाए हैं और फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर मामले की जांच के लिए बुलाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी प्रकार के साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
