चंबा। नशा तस्कर नशे की सप्लाई के लिए बसों का इस्तेमाल कर रहे है। लेकिन सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि अब इस काले कारोबार में महिलाओं की संलिप्तता भी लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामला जिला पठानकोट से सामने आया है, जहां पुलिस ने चंबा की तरफ से आ रही एक बस में सवार एक युवती समेत दो युवकों को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
बस से उतरे एक महिला और दो युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मामून कैंट की पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों और लोगों पर सख्त नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान हिमाचल प्रदेश के चंबा की तरफ से एक बस वहां पहुंची। बस रुकते ही उसमें से एक महिला और दो युवक नीचे उतरे।
यह भी पढ़ें- सड़क निर्माण में देरी पर सुक्खू सरकार का एक्शन : अब एक ठेकेदार को नहीं मिलेंगे 2 से ज्यादा काम
पुलिस को देख सड़क किनारे फेंक दिया लिफाफा
पुलिस टीम को सामने देखकर तीनों अचानक घबरा गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों की हरकतें काफी संदिग्ध लग रही थीं। इसी बीच पीछे चल रहे एक युवक ने अपने हाथ में पकड़े बैग से एक लिफाफा निकालकर सड़क किनारे फेंक दिया और पीछे मुड़कर जाने की कोशिश करने लगा। युवक की यह हरकत पुलिस टीम की नजर में आ गई।
तलाशी लेने पर चिट्टे की खेप बरामद
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को मौके पर ही रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने फेंके गए लिफाफे की तलाशी ली। जांच के दौरान लिफाफे के अंदर से 783 ग्राम चरस बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में चरस मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनावी जीत के जश्न में मची भगदड़, बेकाबू सांड ने भीड़ पर किया हम.ला- 7 घायल
आरोपियों की पहचान
- दीपक कुमार निवासी अबरोल नगर
- मोहित कुमार
- प्रियंका के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल चुनाव में दिखे दिलचस्प नतीजे : कहीं पति हारे- पत्नी जीती; तो कहीं ससुर-बहू ने मारी बाजी
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। इसी वजह से अब पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इससे पहले भी आरोपी इस तरह की तस्करी में शामिल रहे हैं या नहीं।
