#विविध

May 18, 2026

हिमाचल चुनाव में दिखे दिलचस्प नतीजे : कहीं पति हारे- पत्नी जीती; तो कहीं ससुर-बहू ने मारी बाजी

बहू ने जीत दर्ज कर बचाई ससुराल की साख

शेयर करें:

Bhota Three Couples Municipal Election Himachal Winners husband defeat Panchayats

शिमला। हिमाचल प्रदेश के नगर निकाय चुनाव इस बार सिर्फ राजनीतिक मुकाबलों तक सीमित नहीं रहे। इसमें कई पारिवारिक और दिलचस्प सियासी समीकरणों ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

हिमाचल चुनाव में दिखे दिलचस्प नतीजे

हमीरपुर जिले की नगर पंचायत भोटा से लेकर मंडी के जोगिंद्रनगर और शिमला से सटी नगर पंचायत सुन्नी तक कई परिवार चुनावी मैदान में उतरे। जहां कहीं पति-पत्नी आमने-सामने चर्चा का विषय बने तो कहीं ससुर और बहू की जोड़ी ने जीत दर्ज कर राजनीतिक पकड़ का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चरस की बड़ी डील करने निकले दो यार, किसी ने दे दी पुलिस को खबर- पहुंचे जेल

चर्चा में रहे नतीजे

चुनाव परिणामों ने यह साफ कर दिया कि मतदाता इस बार रिश्तों से ज्यादा उम्मीदवारों की व्यक्तिगत छवि और कामकाज को महत्व देते नजर आए। सबसे ज्यादा चर्चा में रहे नगर पंचायत भोटा के चुनाव के नतीजे।

चुनावी मैदान में 3 दंपती

दरअसल, इस नगर पंचायत में सात वार्ड हैं- जिसमें तीन दंपती चुनावी मैदान में उतरे थे। मगर मतदाताओं ने अलग-अलग तरीके से जनादेश दिया। सबसे ज्यादा चर्चा व्यापार मंडल भोटा और कांग्रेस के साझा मोर्चे के प्रमुख सन्नी शर्मा की हार और उनकी पत्नी मनोरमा शर्मा की जीत को लेकर रही

यह भी पढ़ें- हिमाचल : चुनावी जीत के जश्न में मची भगदड़, बेकाबू सांड ने भीड़ पर किया हम.ला- 7 घायल

पति हारा, पत्नी जीती

वार्ड नंबर-दो से चुनाव लड़ रहे सन्नी शर्मा को भाजपा समर्थित प्रत्याशी अश्वनी सोनी ने बेहद करीबी मुकाबले में मात्र आठ मतों से शिकस्त दी। चुनाव परिणाम सामने आते ही यह हार पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।

परिवार की साख बचाई

इसी परिवार के लिए राहत की खबर वार्ड नंबर-चार से आई। जहां मनोरमा शर्मा ने शानदार जीत दर्ज कर परिवार की राजनीतिक साख बचा ली। भोटा नगर पंचायत चुनाव में यह परिणाम सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल रहा- क्योंकि यहां पति हार गए लेकिन पत्नी ने जीत हासिल कर परिवार को राहत दी।

यह भी पढ़ें- सड़क निर्माण में देरी पर सुक्खू सरकार का एक्शन : अब एक ठेकेदार को नहीं मिलेंगे 2 से ज्यादा काम

कांग्रेस खेमे को बड़ा झटका

इसी तरह कांग्रेस नेता और नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शरण प्रसाद भी वार्ड नंबर-सात से जीत दर्ज नहीं कर सके। उन्हें भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनिल ने 27 मतों के अंतर से हराया। वहीं, उनकी पत्नी और नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सर्वजीत कौर वार्ड नंबर-तीन से मैदान में थीं। मगर बेहद कांटे के मुकाबले में वह केवल चार मतों से जीत से चूक गईं। इस हार ने कांग्रेस खेमे को बड़ा झटका दिया।

जनता को मिश्रित संदेश

वार्ड नंबर-पांच में भी मुकाबला बेहद रोचक रहा। यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी ज्योति धीमान को साझा मोर्चे की रंजना कतना ने नौ मतों के मामूली अंतर से पराजित कर दिया। ज्योति धीमान के पति और नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष संजय धीमान भी चुनाव मैदान में थे। मगर वार्ड नंबर-सात में उन्हें केवल 40 मत मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह भोटा में कई चर्चित राजनीतिक परिवारों को जनता ने मिश्रित जनादेश दिया।

यह भी पढ़ें : 'सुक्खू सरकार के दावों की खुली पोल' : नहीं हुआ पुरुषों का बच्चेदानी ऑपरेशन, RTI में खुलासा

काफी चर्चा में रहे पति-पत्नी

उधर, मंडी जिले के जोगिंद्रनगर नगर परिषद चुनाव में भी पति-पत्नी की जोड़ी पूरे चुनाव के दौरान चर्चा में रही। यहां एक ही परिवार के दो सदस्यों ने अलग-अलग वार्डों से चुनाव लड़ा। चुनाव परिणामों में पत्नी चंद्ररेखा ने जीत दर्ज की, जबकि उनके पति अजय को हार का सामना करना पड़ा।

नतीजों के बाद और सुर्खियां बटौरी

मतगणना के बाद घोषित नतीजों ने साफ कर दिया कि मतदाताओं ने दोनों उम्मीदवारों का अलग-अलग तरीके से आकलन किया। क्षेत्र में इस दंपती के चुनाव लड़ने को लेकर पहले से ही काफी चर्चा थी और परिणाम आने के बाद यह और अधिक सुर्खियों में आ गया।

यह भी पढ़ें : IGMC के डॉक्टरों का कमाल : आंख में घुसी थी लकड़ी, ऑपरेशन कर बचाई 5 वर्षीय मासूम की रोशनी

ससुर-बहू की जोड़ी

वहीं, राजधानी शिमला से सटी नगर पंचायत सुन्नी में इस बार ससुर और बहू की जोड़ी ने जीत हासिल कर सबको चौंका दिया। वार्ड नंबर-तीन से बालादास हिमराल और वार्ड नंबर-छह से उमा देवी चुनाव मैदान में उतरे थे। देर शाम परिणाम घोषित हुए तो दोनों ने अपने-अपने वार्डों से जीत दर्ज कर ली। ससुर और बहू की इस जीत ने पूरे क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा को नया रंग दे दिया।

दोनों ने मारी बाजी

जीत के बाद दोनों निर्वाचित प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना रहेगा। उन्होंने पेयजल, सड़क, सफाई व्यवस्था, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख