सोलन बद्दी। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। दावत चौक स्थित बिग.बी कॉम्प्लेक्स में एक साथ चार स्पा सेंटरों पर दबिश देकर पुलिस ने 2 विदेशी युवतियों सहित कुल 17 लड़कियों को रेस्क्यू किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कई युवतियों को नौकरी का लालच देकर यहां बुलाया गया और बाद में उन्हें देह व्यापार में धकेल दिया गया। बताया जा रहा है कि पकड़ी गई युवतियों में दो युवतियां थाइलैंड की निवासी हैं। पुलिस सभी युवतियों से काउंसलिंग कर रही है। 

गुप्त सूचना से शुरू हुई कार्रवाई

बताया जा रहा है कि पुलिस को पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्पा सेंटरों में मसाज और वेलनेस सेवाओं की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने पहले गुप्त निगरानी शुरू की और कुछ कर्मियों को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया। अवैध गतिविधियों की पुष्टि होते ही पहले से तैनात टीमों ने पूरे कॉम्प्लेक्स को घेर लिया और एक साथ चारों स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: आर्थिक संकट के बीच 11 दिन के केरल दौरे पर गई सीएम सुक्खू की टीम, 10 सदस्य शामिल

चार स्पा सेंटरों में एक साथ रेड

छापेमारी के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में कार्रवाई की गई] उनमें

  • ए-वन स्पा सेंटर
  • द गेटवे सैलून एंड स्पा सेंटर
  • द रिलीफ स्पा सेंटर 
  • जन्नत सैलून एंड स्पा सेंटर शामिल हैं।

तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 17 युवतियों को रेस्क्यू किया, जिनमें दो थाईलैंड की नागरिक बताई जा रही हैं। सभी युवतियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत संरक्षण में लिया गया है। उनकी काउंसिलिंग की जा रही है और संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING: खाई में लुढ़की कार, मां-बेटे समेत 4 की मौके पर ही मौ.त- एक की हालत नाजुक

नौकरी के नाम पर फंसाया

पुलिस जांच में बड़ा खुलासा तब हुआ जब रेस्क्यू की गई युवतियों ने बयान दिए। उन्होंने बताया कि उन्हें अच्छी नौकरी और बेहतर वेतन का झांसा देकर बद्दी बुलाया गया था। लड़कियों को यहां नौकरी जिसमें रिसेप्शनिस्ट, हेल्पर या थेरेपिस्ट के नाम पर बुलाया गया था। लेकिन यहां पहुंचने पर उनके पासपोर्ट, आईडी या मोबाइल अपने कब्जे में रख लेते थे और फिर उनसे जबरन देह व्यापार करवाया जाता था। कुछ युवतियां बाहरी राज्यों से संबंधित बताई जा रही हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह मामला संगठित मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शगुन के पैसों से शुरू हुआ विवाद- पत्नी ने निगला जह.र, पति ने छिड़क दिया पेट्रोल- हुआ अरेस्ट

छह आरोपियों पर केस दर्ज

कार्रवाई के बाद पुलिस ने संबंधित स्पा सेंटर संचालकों और प्रबंधकों सहित छह लोगों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत थाना बद्दी में चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। मौके से मोबाइल फोन, रजिस्टर और ऑनलाइन बुकिंग से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य कड़ियों की जांच में जुटी है।

अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के शोषण और मानव तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई करती रहेगी। इस कार्रवाई के बाद बद्दी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने को लेकर पुलिस की सक्रियता चर्चा में है। वहीं, यह मामला एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि रोजगार के नाम पर युवतियों को जाल में फंसाने वाले नेटवर्क कितने संगठित और सक्रिय हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें