हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार को ब्यास नदी में एक लड़की का शव बरामद हुआ है। यह शव दोपहर बाद देखा गया, लेकिन उसे निकालने के लिए करीब पांच घंटे की कड़ी मशकत करनी पड़ी। वहीं हमीरपुर जिला में ही एक महिला भी खड्ड में अचानक आई बाढ़ के चलते बह गई है। जिसकी तलाश में पुलिस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं।
12 से 13 साल की है लड़की
मिली जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिला के उपमंडल सुजानपुर के बजाहर गांव में एक लड़की का शव बरामद हुआ है। लड़की का शव बजाहर गांव में ब्यास नदी में बने एक टापू पर देखा गया। लड़की की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। लड़की की उम्र 12 से 13 साल के बीच बताई जा रही है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह लड़की पिछले दिनों मंडी में आई भयंकर बाढ़ की चपेट आई होगी और पानी में बह कर उसका शव यहां पहुंचा होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के रोहतांग घूमने निकले थे पंजाबी युवक, घनी धुंध ने छीनी 4 जिंदगियां; खाई में गिरी कार
पांच घंटे की मशकत के बाद निकाला शव
स्थानीय लोगों ने इस शव को देखा था और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सुजानपुर पुलिस थाना प्रभारी राकेश धीमान टीम सहित मौके पर पहुंचे, लेकिन नदी में उफान और तेज बहाव के कारण शव तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया। इस कठिन परिस्थिति में आईआरबी जंगल बेरी में तैनात हेड कांस्टेबल कृष्ण चंद और स्थानीय निवासी शशि कुमार ने जोखिम उठाते हुए नदी को पार किया और पांच घंटे के लंबे प्रयास के बाद शव को टापू से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें : जयराम को उम्मीद, केंद्र से आएगी मदद, CM सुक्खू राहत कार्यों में दिखाए गंभीरता
बिना कपड़ों के था शव
शव की स्थिति काफी खराब थी और उस पर कोई वस्त्र नहीं थे। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और युवती की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी और साहस का परिचय देने वाले कृष्ण चंद और शशि कुमार को प्रशासन द्वारा सम्मानित करने की मांग की है।
शुक्र खड्ड में बह गई महिला
वहीं हमीरपुर जिला के बड़सर उपमंडल में एक महिला रविवार को शुक्र खड्ड में बह गई है। पानी में बहने वाली प्रवासी महिला की पहचान किरण कुमार के रूप में हुई है और वह यहां पर एक स्टोन क्रशर पर काम करती थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला खड्ड में बर्तन धो रही थी। इसी बीच अचानक शुक्र खड्ड का जलस्तर बढ़ गया और महिला इसकी चपेट में आ गई।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य के विभाग की लापरवाही, बाढ़ में बहा 2.24 करोड़ से बना पुल, लोग पहले ही कर चुके थे आगाह
पुलिस महिला की तलाश में जुटी
महिला के बहते ही आसपास मौजूद लोग और उसके परिजन उसे खोजते हुए काफी दूर तक गए, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्थानीय लोगों की मदद से खोज अभियान शुरू कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : बहन को फोन करने के बाद युवक ने छोड़ दी दुनिया, इस वजह से था परेशान
तहसीलदार बिझड़ी संदीप चंदेल ने बताया कि किरण देवी की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। एसपी हमीरपुर ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लगातार बारिश के कारण खड्डों और नालों में जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ा है और लोगों को बार.बार चेताया जा रहा है कि वे इन क्षेत्रों से दूर रहें और पूरी सतर्कता बरतें।
