मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसमें दो नकली साधुओं ने चालाकी से एक सेवानिवृत्त डॉक्टर को डराकर उनकी बहुमूल्य अंगूठियां हड़प लीं। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

डॉक्टर को जाल में फसाया

घटना गुरुवार को तब घटी, जब सेवानिवृत्त डॉ. निशा शर्मा अपनी कार से जोगिंद्रनगर से धर्मशाला की ओर जा रही थीं। रास्ते में पुरानी गैस एजेंसी के पास दो साधु वेशधारी ठगों ने उन्हें रुकने का संकेत दिया। इंसानियत के नाते डॉक्टर ने गाड़ी रोक दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटी ने हॉकी स्टिक थाम बनाई अलग पहचान, टीम INDIA में मिली एंट्री

नकली साधु बन चली चाल

साधुओं ने पहले खुद को भूखा बताकर मदद मांगी और डॉक्टर से 500 रुपये की मांग की। दयालुता दिखाते हुए डॉ. निशा ने तुरंत उन्हें पैसे दे दिए, लेकिन यह ठगों की चाल का पहला कदम मात्र था।

डायमंड की अंगूठियां हड़पीं

पैसे लेने के बाद, एक साधु ने डॉक्टर को डराने के लिए कहा कि उनकी पहनी हुई अंगूठियां उनके लिए दुर्भाग्यशाली हैं और इनसे उन्हें गंभीर संकट झेलना पड़ सकता है। इस डरावनी चेतावनी से डॉक्टर घबरा गईं और उन्होंने तुरंत अपनी तीन बहुमूल्य अंगूठियां उतार लीं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मामूली बहस के बीच बुआ सास ने बहु पर बरसाए डंडे, रिश्तेदार भी लाई साथ- केस दर्ज

सभी परेशानियों होंगी दूर

चौथी अंगूठी उतारने में उन्हें कठिनाई हो रही थी, तब तक साधुओं ने अगला षड्यंत्र रच दिया। उन्होंने डॉक्टर को 500 रुपये का नोट वापस देते हुए कहा कि इस नोट में अंगूठियां लपेटकर अपने पास रखें, ताकि उनकी परेशानियां दूर हो सकें। ठगों ने कहा कि इस नोट को उनके पास एक मिनट तक रहने दें और इसे कभी खर्च न करें।

ठगी का हुआ एहसास

डॉ. निशा ने जैसे ही अंगूठियां और नोट उन्हें सौंपा, एक साधु ने अचानक उनकी कार पर जोर से हाथ मारकर चिल्लाना शुरू कर दिया और तुरंत वहां से जाने के लिए कहा। डर के कारण डॉक्टर ने तुरंत गाड़ी आगे बढ़ा दी। थोड़ी दूर जाने के बाद जब उन्हें इस घटना पर शक हुआ, तो उन्होंने स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी। जब उन्होंने नोट खोलकर देखा, तो उसमें अंगूठियां नहीं थीं। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत जोगिंद्रनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मौज मस्ती करने पानी में उतरे दो ITI छात्र, 19 घंटे बाद परिजनों को मिली देह

3.5 लाख रुपए की ठगी

जोगिंद्रनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, चोरी गई तीनों अंगूठियां डायमंड की थीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो बैजनाथ और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह के ठगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस घटना से सीख लेते हुए लोगों को अजनबियों के बहकावे में आने से बचने और सतर्क रहने की जरूरत है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें