बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर की पुलिस टीम को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। घुमारवीं पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मुख्य सप्लायर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है।
हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करता था पंजाबी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 मार्च को थाना घुमारवीं में NDPS की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों के कब्जे से 14.1 ग्राम चिट्टा, 15,670 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की थी।
यह भी पढ़ें- जनता पर बढ़ता जा रहा कर्ज का बोझ- सुक्खू सरकार फिर लेने जा रही 500 करोड़ का नया लोन
तस्कर को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस
दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया गया था। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के कई अहम सुराग मिले। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पंजाब में दबिश देने की योजना बनाई।
अमृतसर से पकड़ा गया सप्लायर
जांच के दौरान पुलिस टीम ने अमृतसर पहुंचकर मुख्य सप्लायर आकाशदीप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय आकाशदीप पुत्र रणजीत सिंह के रूप में हुई है- जो कि मंडियाला, अमृतसर का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें- 3 साल तक फेफड़े में फंसा रहा पेच, युवक को नहीं थी खबर- IGMC के डॉक्टरों ने चंद मिनटों में निकाला
कहां-कहां करती थी सप्लाई?
गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टे की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फैल रहा नशे का कारोबार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा।
