हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में तेजी से फैलते चिट्टे के कारोबार ने जहां युवाओं की जिंदगी को गहरे संकट में डाल दिया है, वहीं पुलिस लगातार इस नशे के जाल को तोड़ने के लिए सख्त कदम उठा रही है। ताजा मामले में हमीरपुर पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एक चिट्टा तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी खेप बरामद की है। बड़ी बात यह है कि इस तस्कर ने पुलिस को देख कर कार को भगाने का प्रयास किया था, लेकिन सामने खड़े इंस्पेक्टर ने कार पर रिवाल्वर तान दी और डर के मारे तस्कर ने कार पर से संतुलन खो दिया और वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक कार में चिट्टा लेकर ताल क्षेत्र की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए रणनीति तैयार की और बुमाना (ताल) के पास सिविल ड्रेस में नाकाबंदी कर जाल बिछा दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक पत्नी, दो पति... अब घर में गूंजी किलकारी- सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में आया कपल
रिवॉल्वर देख रोकी कार
जैसे ही संदिग्ध कार मौके पर पहुंची चालक ने पुलिस को देख घबराकर गाड़ी भगा दी। हालात को भांपते हुए टीम की अगुवाई कर रहे इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली और कार के टायर की ओर तान दी। पुलिस की इस सख्ती से तस्कर पूरी तरह घबरा गया। घबराहट में उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से नीचे उतर गई।
आरोपी के पास मिली चिट्टे की खेप
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 8.49 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान अंकुर ठाकुर (37), निवासी रोहलवी ठठवानी जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की कार को भी कब्जे में ले लिया है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर से मंदिर दर्शन को निकला था शख्स, पहाड़ी रास्ते ने छीन ली सांसें, सदमें में परिवार
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देंए ताकि इस बढ़ती समस्या पर समय रहते काबू पाया जा सके।
यह भी पढ़ें : सरकाघाट कॉलेज छात्रा केस में बड़ा अपडेट : मां-बाप को भी पीट चुका है आरोपी, मगर नहीं होगी फां*सी!
हिमाचल में बढ़ता नशे का जाल
प्रदेश में चिट्टे का कारोबार लगातार पैर पसार रहा है। खासकर युवा वर्ग इस नशे की गिरफ्त में तेजी से आ रहा है, जिससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित हो रहे हैं। आसान कमाई के लालच में कुछ लोग तस्करी के धंधे में उतर रहे हैं, जबकि कई युवा इसकी लत के कारण अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं।
