सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पंचायत चुनाव को लेकर बहसबाजी में हुई युवक की मौत के मामले में अपडेट आया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

बहसबाजी में युवक की मौत

दाड़लाघाट क्षेत्र की पंचायत बरायली में हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पंचायत चुनाव को लेकर हुई बहसबाजी में जहां युवक की जान चली गई है। वहीं, दूसरी इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : फेफड़ों में भरा पानी, नहीं मानी हार- बहादुर बेटी ने एक बार फिर चमकाया प्रदेश का नाम

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में गांव कोटला पुजारिया निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वह 25 मई की रात गांव डवारू निवासी अश्वनी कुमार के साथ स्यार स्थित जालपा माता मंदिर गए थे। इस दौरान वहां उनकी मुलाकात स्यार निवासी कुनाल चंदेल से हुई।

शराब के नशे में हो गई बहस

बताया जा रहा है कि तीनों ने साथ बैठकर शराब पार्टी की। इसी दौरान पंचायत चुनाव को लेकर अश्वनी और कुनाल के बीच बहस शुरू हो गई। पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन बाद में विवाद बढ़ता चला गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव में टक्कर का मुकाबला : सिर्फ दो वोटों के अंतर से जीती महिला, बनी प्रधान

ताऊ के लिए भिड़े युवक

बातचीत धीरे-धीरे तीखी नोकझोंक में बदल गई। इसी दौरान अश्वनी ने कथित तौर पर कुनाल से कहा कि उसका ताऊ जय चंद चुनाव नहीं जीत पाएगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

गुस्से में बालकनी से दिया धक्का

आरोप है कि गुस्से में आकर कुनाल ने अश्वनी को बालकनी से धक्का दे दिया। नीचे गिरने से अश्वनी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपक कुमार के अनुसार अश्वनी के हाथ और कान से खून निकल रहा था। इसके बाद उसे तुरंत एंबुलेंस की सहायता से अर्की अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव में बड़ी लापरवाही : प्रधान-उपप्रधान के बॉक्स बदले, अटका रिजल्ट

होटल में काम करता था अश्वनी

मृतक अश्वनी कुमार एक होटल में काम करता था। परिवार में उसकी माता, भाई और भाभी हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है, जबकि गांव में भी इस वारदात को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

 

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। DSP दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने बताया कि आरोपी कुनाल चंदेल (29) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : पति-पत्नी ने मारी बाजी, एक को मिली प्रधान की कुर्सी- दूसरा बना वार्ड सदस्य

पूरे इलाके में तनाव का माहौल

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार को 1293 पंचायतों में मतदान हुआ था। चुनावी माहौल के बीच हुई इस वारदात ने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें