#अव्यवस्था
May 27, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव में बड़ी लापरवाही : प्रधान-उप्रधान के बॉक्स बदले, अटका रिजल्ट
पंचायत क्षेत्र में फैला आक्रोश, ग्रामीणों ने जमकर की नारेबाजरी
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। पच्छाद उपमंडल की बनाहा धीनी पंचायत में पोलिंग पार्टी की गलती के कारण चुनाव परिणाम अटक गया।
दरअसल, पोलिंग पार्टी ने प्रधान और उपप्रधान के मतपेटियां जिला परिषद तथा BDC चुनाव की मतपेटियों के साथ बदल दी- जिससे देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे से पंचायत में मतगणना प्रक्रिया चल रही थी। मगर रात दस बजे तक भी कोई परिणाम घोषित नहीं किया गया। इस पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने अधिकारियों से देरी का कारण पूछा।
पोलिंग पार्टी के कर्मचारियों ने स्वीकार किया कि प्रधान और उपप्रधान के बॉक्स गलती से जिला परिषद और BDC के बॉक्स के साथ बदल गए हैं। बताया जा रहा है कि जिला परिषद और BDC की मतपेटियां सराहां स्थित स्ट्रांग रूम में जमा करवाई जा चुकी थीं। मगर उन्हीं के साथ प्रधान और उपप्रधान की मतपेटियां भी गलती से भेज दी गईं। वहीं जिला परिषद और बीडीसी के बॉक्स पंचायत कार्यालय में पहुंच गए।
घटना का पता चलते ही पंचायत क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने जिला प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और पंचायत कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
करीब दस बजे तहसीलदार पच्छाद मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद रात करीब 11 बजे SDM पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने पंचायत चुनाव से संबंधित सभी मतपेटियों को सील करवा दिया और पूरे मामले की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं DC प्रियंका वर्मा को दी। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी है। अब आयोग के निर्देश मिलने के बाद ही बनाहा धीनी पंचायत के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
SDM पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने बताया कि मतपेटियों के बदलने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर सभी बॉक्स को सील कर दिया गया है। मामले की जानकारी जिला प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग को दे दी गई है तथा आगामी दिशा-निर्देशों के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।