#विविध
May 27, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव : पति-पत्नी ने मारी बाजी, एक को मिली प्रधान की कुर्सी- दूसरा बना वार्ड सदस्य
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पंचायत में जश्न का माहौल देखने को मिला
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में आयोजित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद कई रोचक नतीजे सामने आए हैं। इसी बीच सिरमौर की नाहन-2 ग्राम पंचायत से एक ऐसी तस्वीर सामने आई- जिसने चुनावी माहौल को खुशियों से भर दिया।
यहां जनता ने पति-पत्नी दोनों पर भरोसा जताते हुए उन्हें जीत दिलाई है। नाहन-2 ग्राम पंचायत में रामनिवास ने प्रधान पद का चुनाव शानदार तरीके से जीत लिया। चुनावी मुकाबले में उन्हें ग्रामीणों का भरपूर समर्थन मिला और उन्होंने मकुाबले में 37 मतों के अंतर से प्रधान पद पर कब्जा किया।
वहीं, दूसरी ओर उनकी पत्नी परवीन ने भी वार्ड सदस्य के चुनाव में जीत हासिल कर पंचायत राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करवाई। कड़े मुकाबले के बीच परवीन ने 22 मतों से जीत दर्ज करते हुए अपनी राजनीतिक पारी की सफल शुरुआत की।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पंचायत में जश्न का माहौल देखने को मिला। समर्थकों औ विजयी उम्मीदवारों के परिवारों ने उनको बधाई दी और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
रामनिवास और परवीन ने अपनी जीत का श्रेय पंचायत की जनता को देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। दोनों ने पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।