कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में गौ तस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ताजा मामला कुल्लू जिला की पर्यटन नगरी मनाली से सामने आया है। यहां विशेष समुदाय के दो लोग शातिराना तरीके से गौ तस्करी को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उनका भांडा फूट गया। पुलिस ने एक ट्रक से 5 गाय और 6 बैल को बरामद किया। बड़ी बात यह है कि शातिरों ने ट्रक में ऊपर और पीछे के हिस्से में पराली लदी हुई थी और अंदर इन पशुओं को रखा था, ताकि पशु तस्करी की किसी को भनक ना लग सके।
ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे मवेशी
मामला आज सोमवार सुबह करीब नौ बजे के आसपास का है। कुल्लू से मनाली की ओर आ रहे एक ट्रक में छिपाकर ले जाए जा रहे 5 गाय और 6 बैलों को पुलिस ने बचाया। यह कार्रवाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि एक एचआर नंबर का ट्रक पराली की आड़ में मवेशियों को ले जा रहा है।
यह भी पढ़ें : भव्य समारोह के साथ स्व. वीरभद्र सिंह की मूर्ति का हुआ अनावरण, जानें क्या बोले विक्रमादित्य सिंह
गुप्त सूचना से उजागर हुआ मामला
सूचना मिलते ही पुलिस ने मनाली क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। सुबह करीब 9:20 बजे जब संदिग्ध ट्रक रांगड़ी के पास पहुंचा, तो पुलिस ने वाहन को रोकने के लिए संकेत दिया, लेकिन चालक ट्रक भगाकर आगे बढ़ गया। पुलिस ने तुरंत पीछा करते हुए ट्रक को लगभग 150 मीटर आगे आईपीएच रेस्ट हाउस के पास रोक लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : दुकानों के ताले तोड़े, घर से चुराए लाखों के गहने- पुलिस ने दो शातिर किए अरेस्ट
पराली के नीचे छिपे मिले मवेशी
ट्रक की जांच के दौरान पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। ट्रक के ऊपर पराली की मोटी परत बिछाई गई थी, जबकि उसके नीचे मवेशियों को जंजीरों से बांधकर छुपाया गया था। पुलिस ने सभी 11 मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को भी हिरासत में ले लिया है। ट्रक चालक की पहचान 40 वर्षीय शोएब अली तथा सह.चालक की पहचान 35 वर्षीय अब्दुल वाहिद के रूप में हुई है। दोनों ही आरोपी सहारनपुर उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
दो कठोर अधिनियमों के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11, और हिमाचल प्रदेश गौहत्या निषेध अधिनियम, 1979 की धारा 8 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मवेशियों को कहां से लाया गया और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी गहन जांच जारी है। ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कोड ऑफ कंडक्ट लागू, चुनाव आयोग ने जारी की अधिसूचना; सुक्खू सरकार को दिया झटका
हिमाचल में बढ़ती गौ-तस्करी चिंता का विषय
हाल के महीनों में हिमाचल प्रदेश में गौ.तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग दोनों चिंतित हैं। पहाड़ी राज्य होने के चलते यहां अवैध रूप से मवेशियों की ढुलाई के लिए बाहरी राज्यों के तस्कर अक्सर दुर्गम मार्गों का इस्तेमाल करते हैं। डीएसपी ने कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए पुलिस लगातार नाकाबंदी और गश्त बढ़ा रही है, ताकि कोई भी तस्कर प्रदेश की सीमाओं का दुरुपयोग न कर सके।
