#राजनीति

November 17, 2025

भव्य समारोह के साथ स्व. वीरभद्र सिंह की मूर्ति का हुआ अनावरण, जानें क्या बोले विक्रमादित्य सिंह

विक्रमादित्य सिंह बोले- नई ऊर्जा के साथ विकास का शुरू करेंगे नया अध्याय

शेयर करें:

virbhadra singh

शिमला। आधुनिक हिमाचल के निर्माता और छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्व राजा वीरभद्र सिंह की शिमला के रिज पर प्रतिमा स्थापित की गई थी। आज सोमवार को उनकी एक और प्रतिमा का अनावरण शिमला जिला के रोहड़ू में किया गया। रोहड़ू में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के आधुनिक स्वरूप के शिल्पकार माने जाने वाले राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया।

 

राहड़ू में पुराने बस अड्डे परिसर में हुए इस आयोजन में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में जुटे स्थानीय नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने वीरभद्र सिंह के योगदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING : युवती की ह*त्या, लिव-इन में रह रही थी; पार्टनर ने किया कांड

वीरभद्र सिंह का रास्ता ही विकास का मार्ग 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में जो विकास की मजबूत नींव दिखाई देती है, उसकी आधारशिला राजा वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में रखी। उन्होंने कहा कि राजा साहब ने कठिन परिस्थितियों में भी विकास कार्यों को कभी रुकने नहीं दिया। आज हमारा संकल्प है कि हम उनके दिखाए मार्ग पर पूरी निष्ठा के साथ चलते हुए रोहड़ू सहित पूरे प्रदेश के विकास की गति को किसी भी स्थिति में धीमा नहीं होने देंगे।

 

यह भी पढ़ें : आधी रात को डीजल टैंकर से टकराई बस, 45 भारतीयों की हुई मौ*त; सो रहे थे सभी यात्री

 

उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सड़कें, पुल, भवन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विस्तार लगातार जारी रहेगा। मंत्री ने कहा कि चुनौतियां अवश्य आएंगी, लेकिन क्षेत्र के लोगों का विश्वास और सहयोग ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।

रोहड़ू के विकास की नई दिशा

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की 22 सड़कों के लिए 64 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इन सड़कों के निर्माण से दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 250 से 300 करोड़ रुपये तक के प्रोजेक्ट वर्तमान में क्षेत्र में प्रगति पर हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : दुकानों के ताले तोड़े, घर से चुराए लाखों के गहने- पुलिस ने दो शातिर किए अरेस्ट

रोहड़ू - चिड़गांव सड़क के लिए 19 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है और कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। डोडरा-क्वार सड़क से संबंधित लंबित बजट को भी केंद्र से अंतिम मंजूरी मिल चुकी, जिससे कार्य बाधारहित आगे बढ़ सकेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 150 से अधिक जनसंख्या वाले गांवों के लिए सड़क निर्माण प्राथमिकता में रहेगा, बशर्ते स्थानीय लोग भूमि हस्तांतरण के लिए आवश्यक गिफ्ट डीड उपलब्ध कराएं। मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परियोजनाओं में देरी और लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रतिभा सिंह ने याद दिलाया वीरभद्र सिंह का सपना 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राजा वीरभद्र सिंह हमेशा रोहड़ू को अपना दूसरा घर मानते थे और इसलिए वह यहां से बार.बार चुनाव लड़ते थे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह का सपना था कि रोहड़ू का हर गांव सुविधा और विकास के स्तर पर मजबूत हो। आज जो भी उपलब्धियां क्षेत्र में दिखाई देती हैं, वे उनकी दूरदर्शिता की पहचान हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कोड ऑफ कंडक्ट लागू, चुनाव आयोग ने जारी की अधिसूचना; सुक्खू सरकार को दिया झटका

कार्यक्रम में दिखा भावनात्मक माहौल

स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि रोहड़ू में जितने भी बड़े प्रोजेक्ट दिखाई देते हैं, वे राजा साहब के मार्गदर्शन और आशीर्वाद का परिणाम हैं। कार्यक्रम में वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, साथ ही उन पर निर्मित एक विशेष गीत का विमोचन भी किया गया। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने डॉक्यूमेंट्री और गीत के निर्माताओं को सम्मानित किया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख