कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब 16 वर्षीय छात्र अभिलाष की टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अभिलाष 27 अगस्त की शाम घर से ट्यूशन के लिए निकला था, लेकिन ट्यूशन सेंटर तक पहुंचा ही नहीं। रातभर तलाश के बाद अगले दिन वह घर से महज कुछ दूरी पर बदहस हालत में मिला।

 

इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने पुलिस को जो बयान दिया, उसने पूरे मामले को रहस्य में बदल दिया। उपचार के दौरान ही अभिलाष की मौत हो गई। अब युवक की मौत अपने पीछे कई तरह के सवाल छोड़ गई है। 

ट्यूशन के लिए गया युवक हो गया गायब

अभिलाष कांगड़ा जिले के उपमंडल जयसिंहपुर के सोल वनेहड़ पंचायत का रहने वाला था और जमा दो कक्षा में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार 27 अगस्त को शाम करीब चार बजे वह घर से अपर लंबागांव स्थित ट्यूशन के लिए निकला था। परिवार को उम्मीद थी कि वह रोज की तरह ट्यूशन पढ़कर वापस घर लौट आएगा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी अभिलाष वापस नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ट्यूशन सेंटर में भी जानकारी ली गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। काफी तलाश के बाद परिवार ने लंबागांव पुलिस थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड किनारे घूमने निकले थे दो युवक, 132 केवी हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आए

घर से कुछ दूरी पर बदहवास मिला बेटा

27 अगस्त की रात परिवार के लिए बेहद बेचैनी भरी रही। अगले दिन 28 अगस्त को अपर लंबागांव के एक युवक की नजर पलाहनिया मोड़ के पास सड़क किनारे पड़े अभिलाष पर पड़ी।
युवक ने पहचान होने के बाद इसकी जानकारी अभिलाष के परिवार तक पहुंचाई। घर से करीब 200 से 250 मीटर की दूरी पर बेटे को इस हालत में देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।

पुलिस के सामने बताई अज्ञात लोगों की कहानी

अभिलाष को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उसने पुलिस को बयान दिया। पुलिस के अनुसार छात्र ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति उसे एक ट्राले में अपने साथ ले गए थे। अभिलाष के मुताबिक, दोनों लोगों ने उसे कुछ पिलाया और बाद में उसे छोड़ दिया। छात्र ने पुलिस को बताया था कि वह उन दोनों व्यक्तियों को पहचानता नहीं है। हालांकि, इस बयान के अलावा घटना के अन्य पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि अभिलाष के साथ वास्तव में क्या हुआ था और वह बदहवास हालत में सड़क किनारे कैसे पहुंचा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा हा*दसा: खाई में जा गिरी कार; महिला की थम गईं सांसें- बच्चों समेत 4 घायल

लीवर और दोनों किडनियों पर पड़ा गंभीर असर

परिजनों के अनुसार अभिलाष की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान उसके लीवर और दोनों किडनियों पर गंभीर असर पड़ने की बात सामने आई। चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। आखिरकार रविवार सुबह टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान अभिलाष ने दम तोड़ दिया।

16 साल के जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे को परिवार ने ट्यूशन के लिए घर से भेजा था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्वाइन फ्लू का कहर: एक ही दिन में दूसरे शख्स की छीनी सांसें; IGMC में तोड़ा दम

मौत की असली वजह बनी पहेली

अभिलाष की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका जवाब फिलहाल पुलिस के पास भी नहीं है। उसने पुलिस को क्या पिलाए जाने की बात कही थी, उस पदार्थ का उसके शरीर पर क्या असर हुआ और उसकी हालत अचानक इतनी गंभीर कैसे हुई—इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को मामले में अहम माना जा रहा है। पुलिस इसी के साथ मेडिकल रिपोर्ट, छात्र के बयान और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें : पिता नहीं रहे तो मां बनी सहारा, रीटा ने मेहनत के दम पर पास की UGC NET-JRF परीक्षा

पुलिस ने शुरू की गहन जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना की तह तक पहुंचने के लिए अलग-अलग पहलुओं की जांच की जाएगी। छात्र के साथ क्या हुआ, वह किन परिस्थितियों में बदहवास अवस्था में मिला और उसकी मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी तथ्यों को जुटा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें