#हादसा

August 30, 2026

हिमाचल में बड़ा हा*दसा: खाई में जा गिरी कार; महिला की थम गईं सांसें- बच्चों समेत 4 घायल

कार में सवार थे एक ही गांव के सभी लोग, हडेऊ नाला के पास हुआ हादसा

शेयर करें:

Himachal Road Accident

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पहाड़ी सड़क पर रविवार को एक बार फिर रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने एक परिवार पर दुखों का पहाड़ गिरा दिया। नेरवा के हडेऊ नाला के पास एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना जोरदार था कि कार सड़क से नीचे लुढ़कती चली गई। दुर्घटना में कार सवार एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। 

नेरवा की ओर जा रही थी कार

जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार HP-08A-8604 शलन-टिकरी से नेरवा की तरफ जा रही थी। कार जैसे ही नेरवा से करीब एक किलोमीटर दूर हडेऊ नाला के पास पहुंची, अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस तथा प्रशासन को सूचना दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में स्वाइन फ्लू का कहर: एक ही दिन में दूसरे शख्स की छीनी सांसें; IGMC में तोड़ा दम

महिला ने मौके पर तोड़ा दम

दुर्घटना में नीतू पत्नी नरेश कुमार, निवासी गांव हिराह, तहसील नेरवा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर परिवार तक पहुंचते ही क्षेत्र में मातम पसर गया। दुर्घटना में रितिक पुत्र हरी राम, नरेश पुत्र मस्त राम, कामरा पुत्री नरेश कुमार तथा श्वेता देवी निवासी मनेवटी, तहसील नेरवा घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद जिन घायलों को विशेषज्ञ उपचार की जरूरत थी, उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। कुछ घायलों का उपचार नेरवा अस्पताल में ही जारी है।

 

यह भी पढ़ें : बड़ी खबर: हिमाचल में स्वाइन फ्लू से एक की मौ**त, मरीजों की संख्या हुई 8, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित होने की वजह क्या रही। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : पिता नहीं रहे तो मां बनी सहारा, रीटा ने मेहनत के दम पर पास की UGC NET-JRF परीक्षा

प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को दी फौरी राहत

हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने भी प्रभावित परिवारों की मदद के लिए कदम उठाया। चौपाल के एसडीएम हेमचंद वर्मा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और तहसीलदार नेरवा को प्रभावित परिवारों को तत्काल फौरी राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है, जबकि मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा भी दिलाया है।

 

यह भी पढ़ें : आउटसोर्स कर्मियों के आएंगे अच्छे दिन! CM सुक्खू लाने जा रहे ठोस नीति, लॉटरी को बताया भाग्य

पहाड़ी सड़क पर फिर उठे सुरक्षा के सवाल

नेरवा में हुआ यह हादसा एक बार फिर हिमाचल की पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा गया है। संकरी और ढलानदार सड़कों पर वाहन चलाते समय छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। रविवार को हुए इस हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि चार लोग अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख