ऊना। देवभूमि कहे जाने वाला हिमाचल आज एक ही दिन में डबल मर्डर की घटनाओं से दहल उठा। आज प्रदेश के दो युवकों की बेरहमी से हत्या ने पूरे हिमाचल को झकझोर कर रख दिया है। कांगड़ा जिला के धर्मशाला पुलिस थाना के तहत चैतड़ू में 35 वर्षीय युवक की हत्या के बाद अब ऊना जिला के 21 वर्षीय युवक की चंडीगढ़ में गोली मार कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह युवक अपने दोस्तों के साथ चंडीगढ़ घूमने गया था। जहां पर उसकी गोली मार कर हत्या कर दी गई है।
21 वर्षीय युवक की गोली मार कर हत्या
मृतक युवक की पहचान 21 वर्षीय शिवांग राणा निवासी ऊना जिला के गांव दियाड़ा के रूप में हुई है। युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ चंडीगढ़ के खरड़ क्षेत्र में गया था। जहां पर उसकी साथ में रूके दोस्त ने ही गोली मार कर हत्या कर दी। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 35 वर्षीय युवक शराब के नशे में दे रहा था गा*लियां, शख्स ने सांसें ही छीन लीं; किया गिरफ्तार
दोस्तों के साथ घूमने गया था शिवांग
जानकारी के अनुसार बीते रोज शनिवार की शाम को शिवांग राणा अपने चार दोस्तों शामिन्दर, शिवांश, ओम और धीरज के साथ ऊना से चंडीगढ़ घूमने निकला था। सभी दोस्त साथ में समय बिताने के लिए खरड़ पहुंचे और रात को एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद वहीं पर उनकी मुलाकात हैरी और मानव नाम के दो युवकों से हुई। बताया जा रहा है कि हैरी मूल रूप से ऊना जिला के बरनोह का रहने वाला है।
रेस्टोरेंट से फ्लैट तकए फिर चली गोली
बातचीत के दौरान सभी ने साथ में समय बिताने का फैसला किया और पास के एक फ्लैट में चले गए, जहां रात को मौज मस्ती की। इस दौरान हैरी अपनी बाइक से एक पिस्तौल भी कमरे में ले आया था, जिसे उसने सभी युवकों को दिखाया और उसके बाद सभी दोस्त सो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बिना घर से निकले 'मैडम जी' की स्कूल रजिस्टर में लगी हाजिरी, हुई सस्पेंड
सो रहे शिवांग पर चला दी गोली
शिवांग के दोस्तों ने बताया कि सुबह जब सभी सो रहे थे, तभी हैरी और मानव घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच हैरी ने अचानक पास रखी पिस्तौल उठा ली और सीधे शिवांग पर गोली चला दी। गोली लगते ही शिवांग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हैरी वहां से फरार हो गया, जबकि बाकी दोस्त घबराकर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही खरड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी हैरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्राथमिक जांच में यह लापरवाही में चली गोली या आपसी झगड़े का मामला हो सकता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की प्रेम बस में चरस सप्लाई करने निकले दो यार, ठिकाने तक पहुंचने से पहले हुआ पुलिस से सामना
शिवांग के पिता की पहले ही हो चुकी है मौत
जैसे ही शिवांग राणा की मौत की खबर उसके गांव दियाड़ा पहुंची, तो पूरा इलाका शोक में डूब गया। जवान बेटे की मौत से उसकी मां बेसुध हो गई है। बताया जा रहा है कि शिवांग के पता की पहले ही मौत हो चुकी थी। अब मां शिवांग और उसके छोटे भाई के सहारे ही जिंदगी काट रही थी। लेकिन अब शिवांग की मौत ने उसे गहरे सदमें में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें : 2 वर्षों से हिमाचल के लोगों की दीवाली फीकी, डिपो में नहीं मिल रहा चीनी का कोटा
धर्मशाला के चैतड़ू में भी युवक की हत्या
बता दें कि बीती रात को ही धर्मशाला के साथ लगते चैतड़ू में भी एक 35 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया था। यह हत्या शराब के नशे में की गई थी। शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद एक शख्स ने युवक को धक्का दे दिया था, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई थी।
