शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे की सप्लाई को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे नेटवर्क के बारे में पता चला, जिसके तार हिमाचल से बाहर तक जुड़े हुए थे। मामले में एक महिला का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। 

फोन और ऑनलाइन पेमेंट से महिला तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और ऑनलाइन पेमेंट की जानकारी खंगाली। जांच में पता चला कि शिमला में नशीला कफ सिरप मंगवाने के लिए आरोपियों ने देहरादून में बैठी महिला से फोन पर संपर्क किया था। इसके लिए उसे ऑनलाइन पैसे भी भेजे गए थे। इन्हीं डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस देहरादून पहुंची और आरोपी मनीषा राणा को गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की शान बनी बेटियां: 4 खिलाड़ियों का भारतीय टीम में हुआ चयन, जापान में लहराएंगी देश का झंडा

6 अगस्त को नाकाबंदी में पकड़ी गई थी नशे की खेप

जानकारी के अनुसार, नेरवा पुलिस ने 6 अगस्त को नाकाबंदी के दौरान एक वाहन को रोका था। तलाशी लेने पर उसमें बिना लेबल वाली कोडीन आधारित कफ सिरप की 5 सीलबंद बोतलें मिली थीं। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था।

पूछताछ और मोबाइल जांच से खुला देहरादून कनेक्शन

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनके मोबाइल फोन की जांच के दौरान पुलिस को देहरादून में बैठे सप्लायर के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए देहरादून में दबिश दी और मनीषा राणा को गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें : सदन में विजिलेंस जांच पर हंगामा: CM सुक्खू बोले- चार्जशीट भाजपा ने बनाई, हम तो बस कार्रवाई कर रहे

रिमांड में खुल सकते हैं नेटवर्क से जुड़े और नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और नशे की सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।