राजनीति

#अव्यवस्था

November 13, 2026

हिमाचल: स्कूल से गायब रहते हैं गुरुजी! नौनिहालों की पढ़ाई भगवान भरोसे, ग्रामीणों ने CM से लगाई गुहार

स्कूल पहुंचे ग्रामीण तो दोनों शिक्षक मिले गायब

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Himachal Pradesh news

सिरमौर। अध्यापक बच्चों को हमेशा समय की पाबंदी और अपने काम के प्रति ईमानदार रहने की सीख देते हैं, लेकिन जब जिम्मेदारी निभाने की बारी खुद शिक्षकों की हो और वे ही ड्यूटी से गायब रहें तो बच्चों की पढ़ाई का क्या होगा। ऐसा ही एक मामला जिला सिरमौर से सामने आया है। यहां सरकारी स्कूल में तैनात दोनों शिक्षकों पर अक्सर स्कूल से गायब रहने के आरोप लगे हैं। इसका खामियाजा स्कूल में पढ़ने वाले 13 मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। परेशान ग्रामीणों ने अब मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

समय पर स्कूल नहीं पहुंचते टीचर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के असखौली पंचायत के राजकीय प्राथमिक पाठशाला पारवा ल्वागो से सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में तैनात दोनों शिक्षक अक्सर ड्यूटी पर नहीं पहुंचते।

 

यह भी पढ़ें : क्या हिमाचल BJP में सब ठीक...! अनिल शर्मा की CM सुक्खू से नजदीकी बड़े उलटफेर के संकेत तो नहीं?

स्कूल पहुंचे ग्रामीण तो दोनों शिक्षक मिले गायब

पारवा ल्वागो गांव के ग्रामीण नारायण सिंह, नरेश कुमार, सुनील कुमार, अशोक कुमार, अजय कुमार, संदीप कुमार, अमित कुमार, दया राम, बस्ती राम, विनोद कुमार, जगत सिंह, सुरेंद्र सिंह और कुंदन सिंह ने बताया कि स्कूल में कुल 13 बच्चे पढ़ते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जब वे स्कूल पहुंचे तो वहां दोनों शिक्षक मौजूद नहीं थे। स्कूल में केवल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही मिला।

सुबह 11 बजे आते स्कूल आते हैं टीचर

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों के देरी से आने और जल्दी चले जाने की समस्या काफी समय से बनी हुई है। आरोप है कि शिक्षक कई बार सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचते हैं और दोपहर 1 बजे तक वापस चले जाते हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार तो पूरा दिन स्कूल में शिक्षक ही नहीं होते।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक से टकराई कार... पति की आंखों के सामने पत्नी ने तोड़ा दम, तीन मासूम भी थे साथ

गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा असर

ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में पढ़ने वाले ज्यादातर बच्चे गरीब और जरूरतमंद परिवारों से हैं। ऐसे में अगर शिक्षकों की यही लापरवाही जारी रही तो बच्चों की पढ़ाई और उनका भविष्य प्रभावित होगा। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या के बारे में कई बार शिक्षा विभाग को बताया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे ग्रामीण

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले की जांच करवाई जाए और स्कूल में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख