#विविध

August 25, 2026

सदन में विजिलेंस जांच पर हंगामा: CM सुक्खू बोले- चार्जशीट भाजपा ने बनाई, हम तो बस कार्रवाई कर रहे

चार्जशीट में पूर्व की भाजपा सरकार ने लिखे थे नाम कांग्रेस तो बस जांच करवा रही

शेयर करें:

cm sukhu vidhansabha

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र लगातार चौथे दिन भी हंगामे और तीखी राजनीतिक बयानबाजी के बीच आगे बढ़ा। सोमवार को सदन में स्वास्थ्य व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन विजिलेंस जांच का मामला सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का सबसे बड़ा कारण बन गया। भाजपा विधायकों पर चल रही विजिलेंस जांच को लेकर विपक्ष ने सरकार पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया, तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार किसी को राजनीतिक रूप से निशाना नहीं बना रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई या जांच की जा रही है, उनके नाम भाजपा की पिछली सरकार के समय तैयार की गई चार्जशीट में ही दर्ज थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा सरकार ने चार्जशीट में जिन नेताओं के नाम लिखे थे, हम तो उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।”

विजिलेंस जांच पर सदन में सबसे ज्यादा गरमाया माहौल

स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा के दौरान विजिलेंस जांच का मुद्दा अचानक सदन की बहस के केंद्र में आ गया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि मौजूदा कांग्रेस सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा विधायकों की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाई किसी बदले की भावना पर आधारित नहीं है, बल्कि पहले से उपलब्ध शिकायतों, आरोपों और दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष ने मानी विपक्ष की मांग, राष्ट्रगान विवाद की वीडियो जारी करने की दी मंजूरी

‘भाजपा ने खुद तैयार की थी चार्जशीट’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा के सत्ता में आने से पहले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जो चार्जशीट तैयार की गई थी, उसमें कई ऐसे नाम शामिल थे जो अब भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार उन्हीं मामलों की जांच आगे बढ़ा रही है। सुक्खू ने सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन का नाम लेते हुए कहा कि ये नेता पहले कांग्रेस में रहे, लेकिन अब भाजपा के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि यदि इन नामों को लेकर पहले भाजपा ने आरोप लगाए और चार्जशीट तैयार की थी, तो अब जांच आगे बढ़ने पर विपक्ष को आपत्ति क्यों हो रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में अब आउटसोर्स भर्ती पर हुआ हंगामा, नारेबाजी करते हुए विपक्ष ने किया वॉकआउट

‘भ्रष्टाचार पर कार्रवाई से भाजपा को परेशानी क्यों?’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जांच को राजनीतिक प्रतिशोध बताने के बजाय भाजपा को उन आरोपों और मामलों पर जवाब देना चाहिए जिनके आधार पर पहले शिकायतें और चार्जशीट तैयार की गई थीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी व्यक्ति को राजनीतिक रूप से परेशान करना नहीं, बल्कि मामलों की वास्तविकता सामने लाना है। जांच एजेंसियां अपने स्तर पर तथ्यों की पड़ताल कर रही हैं और सरकार इसमें किसी प्रकार की राजनीतिक दखलंदाजी नहीं कर रही।

यह भी पढ़ें- सदन में सुक्खू-जयराम आमने-सामने : CM बोले- धमकाना बंद करें, देवी-देवताओं ने बचाई मेरी कुर्सी

विजिलेंस कार्यालय पहुंचने पर भी CM का तंज

मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायकों के विजिलेंस कार्यालय पहुंचने के मामले पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा विधायक विजिलेंस कार्यालय पहुंचे, उससे ऐसा लगा जैसे वे कोई बड़ी जंग जीतकर लौटे हों या किसी ऐतिहासिक लड़ाई से वापस आए हों। सुक्खू ने कहा कि जिस मामले में जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था, उसमें भाजपा विधायक समर्थक के रूप में विजिलेंस कार्यालय पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के इस कदम को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जांच को राजनीतिक प्रदर्शन का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी अस्पताल में नहीं होंगे फ्री टेस्ट...इलाज का खर्च भी हुआ महंगा, जानें क्यों

भाजपा का पलटवार- सरकार बदले की भावना से कर रही कार्रवाई

वहीं, विपक्ष ने मुख्यमंत्री के आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का कहना है कि विजिलेंस और अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए किया जा रहा है। भाजपा विधायकों ने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए विधानसभा परिसर के बाहर भी प्रदर्शन किया। विपक्ष का आरोप था कि मौजूदा सरकार में सरकारी कामकाज में पारदर्शिता नहीं है और कई मामलों में कथित तौर पर कमीशनखोरी का खेल चल रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : साफ मौसम में दरका पहाड़- रास्ते में फंसी कई गाड़ियां, मलबे का सैलाब देख सहमे लोग

जयराम ठाकुर बोले- ‘हर काम के रेट तय हैं’

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने दावा किया कि सरकार में कई कामों के लिए कथित तौर पर रेट तय हैं और नेता तथा अधिकारी कमीशन ले रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष भ्रष्टाचार के मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक उठाता रहेगा। उन्होंने सरकार से आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने की मांग की।

भाजपा सरकार के काम जनता के सामने रखेंगे

मुख्यमंत्री सुक्खू ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा अपने कार्यकाल के दौरान हुए कथित घोटालों और अनियमितताओं से ध्यान भटकाने के लिए प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए मामलों की पड़ताल कर रही है और इसकी पूरी जानकारी जनता के सामने रखी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने इस उद्देश्य से व्हाइट पेपर कमेटी का गठन किया है।

यह भी पढ़ें- HP पुलिस में बगावत! सीनियर्स पर आरोप, DGP के खिलाफ भी शिकायत, महिला कर्मियों ने बताई...

व्हाइट पेपर कमेटी करेगी पुराने मामलों की पड़ताल

मुख्यमंत्री के मुताबिक व्हाइट पेपर कमेटी पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल से जुड़े विभिन्न मामलों और फैसलों की जांच करेगी। कमेटी दस्तावेजों और तथ्यों का अध्ययन करने के बाद रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके आधार पर प्रदेश की जनता के सामने वास्तविक स्थिति रखी जाएगी। सुक्खू ने कहा कि सरकार का दावा केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि तथ्यों के आधार पर पूर्व सरकार के कार्यकाल से जुड़े मामलों को सार्वजनिक किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख