#अव्यवस्था
November 6, 2026
ढाबों में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान खाने-पीने की चीजों में लापरवाही के कई मामले सामने आए हैं। वीरवार को मंडी बस अड्डा परिसर में की गई कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने करीब 5 किलो खराब पनीर, कॉकरोच मिला गूंथा हुआ आटा, बासी सब्जियां और चूहों के कुतरे हुए बैंगन बरामद किए। इन सभी खाद्य पदार्थों को इस्तेमाल के अयोग्य मानते हुए मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
जांच के दौरान एक ढाबे में रखे पनीर से बदबू आ रही थी, जबकि दूसरे ढाबे के गूंथे हुए आटे में कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा, मिठाई की दुकानों से बर्फी, बेसन के लड्डू और काजू जलेबी के तीन नमूने जांच के लिए ले जाए गए हैं। स्वच्छता संबंधी खामियों पर छह प्रतिष्ठानों के चालान किए गए। वहीं, खुले में सिगरेट बेचने पर दो दुकानदारों से 5-5 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सुबह-सवेरे आया भूकंप: दो जिलों में डोली धरती, कितनी रही तीव्रता?
मंडी में पहले भी फेल हो चुके हैं पनीर के सैंपल
मंडी जिले में पनीर की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई गंभीर मामले सामने आए हैं। 5 जून 2026 को आई लैब रिपोर्ट में सुंदरनगर, जोगिंद्रनगर, बगस्याड़ और पनारसा से लिए गए छह पनीर के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे थे। इनमें से पांच सैंपल में दूध की जगह दूसरे तेल की मिलावट मिली, जबकि एक में फैट की मात्रा तय मानक से कम पाई गई।
वहीं, 25 जुलाई को सामने आई रिपोर्ट में सात पनीर सैंपलों में से छह असुरक्षित और एक खराब गुणवत्ता का पाया गया था।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने 30 हजार युवाओं को रोजगार देने की कर ली तैयारी, प्रदेश में बनेंगे 4 औद्योगिक पार्क
पनीर के सैंपल में मिला था जहरीला सीसा
हाल ही में 29 अक्तूबर, 2026 को सामने आए एक अन्य मामले में मंडी के पधर और कुफरी क्षेत्र से लिए गए पनीर के नमूने में सीसे (Lead) की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। जांच में इसे असुरक्षित और मिसब्रांडेड घोषित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच मंडी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना खाद्य सुरक्षा विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ताजा निरीक्षण में खराब पनीर से लेकर कॉकरोच वाले आटे तक का मिलना खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।