शिमला। हिमाचल पुलिस के मशहूर म्यूजिक बैंड हारमनी ऑफ द पाइन्स से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। देश और विदेश के कई मंचों पर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से हिमाचल पुलिस को नई पहचान दिलाने वाले इस बैंड के प्रभारी विजय कुमार को पुलिस मुख्यालय ने सस्पेंड कर दिया है।
उन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए कमाई करने का आरोप लगा है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जिसकी रिपोर्ट तीन महीने के भीतर सौंपी जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में गिरी कार, पति- पत्नी समेत परिवार 3 सदस्यों की मौ*त; बेटा गंभीर
सोशल मीडिया से कमाई के आरोप
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, विजय कुमार फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सक्रिय थे और इन प्लेटफॉर्म के जरिए कमाई कर रहे थे। इसी आधार पर उनके खिलाफ सेंट्रल सिविल सर्विसेज (क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील) रूल्स, 1965 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल उन्हें निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
विभागीय जांच शुरू
जांच की जिम्मेदारी पुलिस लाइन भराड़ी के DSP कमल किशोर को सौंपी गई है। उन्हें तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह तय होगा कि आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 3 साल की मासूम को तेज रफ्तार कैंपर ने मारी टक्कर, तोड़ा दम- चालक गिरफ्तार
'हारमनी ऑफ द पाइन्स' ने दिलाई थी देशभर में पहचान
हिमाचल पुलिस का हारमनी ऑफ द पाइन्स बैंड वर्ष 2022 में पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। एक राष्ट्रीय टैलेंट शो में इस बैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया था। इसके बाद इस बैंड की हर तरफ तारीफ हुई और इसे हिमाचल पुलिस की बड़ी उपलब्धियों में गिना जाने लगा।
बैंड ने अपनी अलग पहचान सिर्फ देश में ही नहीं बनाई
बैंड ने अपनी अलग पहचान सिर्फ देश में ही नहीं बनाई, बल्कि विदेशों तक हिमाचल का नाम पहुंचाया। विजय कुमार के नेतृत्व में इस टीम ने कई प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुति देकर लोगों का दिल जीता।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तान से हिमाचल पहुंच रहा था करोड़ों का चिट्टा- STF को लगी भनक, 4 तस्करों को दबोचा
विदेशों में भी गूंजा था हिमाचल पुलिस का संगीत
हारमनी ऑफ द पाइन्स ने फ्रांस, इटली, कनाडा, सिंगापुर और दुबई समेत कई देशों में अपनी प्रस्तुतियां दी हैं। इसके अलावा प्रदेश के लगभग हर बड़े सरकारी कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और सार्वजनिक समारोह में भी यह बैंड आकर्षण का केंद्र रहा है।
जानकारी के अनुसार, इन कार्यक्रमों से मिलने वाली राशि पुलिस वेलफेयर फंड में जमा कराई जाती रही है। यही वजह है कि इस बैंड को हिमाचल पुलिस की सकारात्मक छवि का चेहरा माना जाता रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: इस बार धोखा खा गई लुटेरी दुल्हन, शादी के चंद घंटों बाद नकली जेवर लेकर भागी; पर पकड़ी गई
पूर्व DGP संजय कुंडू के कार्यकाल में मिला था बड़ा मंच
पूर्व DGP संजय कुंडू के कार्यकाल में हारमनी ऑफ द पाइन्स को खास प्रोत्साहन मिला था। उसी दौरान बैंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई बड़े कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का मौका मिला। लगातार मिल रही सफलता के कारण यह बैंड हिमाचल पुलिस की पहचान बन गया था।
पुलिस विभाग में नई चर्चा छेड़ दी
अब इसी बैंड के प्रभारी विजय कुमार के खिलाफ हुई निलंबन की कार्रवाई और विभागीय जांच ने पुलिस विभाग में नई चर्चा छेड़ दी है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि लगाए गए आरोप कितने सही हैं और आगे क्या फैसला लिया जाएगा।
