#हादसा
July 13, 2026
हिमाचल : गहरी खाई में गिरी कार, पति- पत्नी समेत परिवार 3 सदस्यों की मौ*त; बेटा गंभीर
पूरे इलाके में शोक की लहर
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पच्छाद उपमंडल के सराहां बस स्टैंड के पास एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से एक महिला शिक्षिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे अधिकारी जेटली अपने परिवार के साथ सराहां से घर लौट रहे थे। उनके साथ वाहन में उनकी पत्नी उर्मिला जेटली, बेटा यशस्वी और शिक्षिका रीना शर्मा भी मौजूद थीं।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला : अब नहीं झुकेंगे स्कूली बच्चों के कंधे, नए नियमों के साथ निर्देश जारी
जैसे ही कार सराहां बस स्टैंड से कुछ दूरी आगे पहुंची, चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को खाई से बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी।
हादसे में 48 वर्षीय रीना शर्मा, पत्नी राम लाल, निवासी धरगौण (सराहां) तथा 65 वर्षीय अधिकारी जेटली ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उर्मिला जेटली को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ली। हादसे में घायल यशस्वी का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना चालक से नियंत्रण छूटने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घटना के बाद पच्छाद प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। वहीं घायल युवक के उपचार के लिए 5 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।
स्थानीय विधायक रीना कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकग्रस्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे पच्छाद क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और मृतकों के घर पहुंचने लगे, जहां हर किसी की जुबान पर इसी दुखद घटना की चर्चा रही।