शिमला। राजधानी दिल्ली में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान कथित प्रदर्शन से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने बुधवार सुबह हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता दबोचे
पुलिस उन्हें दिल्ली ले जा रही थी, लेकिन सोलन जिला के धर्मपुर में हिमाचल पुलिस ने वाहन को रोककर तीनों को अपने कब्जे में ले लिया। इसी के साथ दिल्ली पुलिस के 12 से अधिक जवानों को भी हिरासत में लिया। अब इसी सिलसिले में इन लोगों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी: IVF क्लीनिक व NGO से जुड़े तार, अस्पतालों पर भी शक- अब तक 9 अरेस्ट
हिमाचल पुलिस ने छुड़ाए तीनों
हिमाचल पुलिस का कहना है कि राज्य में किसी भी गिरफ्तारी या तलाशी कार्रवाई से पहले स्थानीय पुलिस को सूचित करना अनिवार्य प्रक्रिया का हिस्सा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने रोहड़ू में दबिश देने से पहले प्रदेश पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी थी। इसी आधार पर हिमाचल पुलिस ने कार्रवाई को “प्रक्रियागत रूप से त्रुटिपूर्ण” बताया और धर्मपुर में हस्तक्षेप किया।
हिमाचल में छिपे थे कार्यकर्ता
सूत्रों के मुताबिक, तीनों युवक रोहड़ू के मेंदली स्थित एक रेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। दिल्ली पुलिस टीम वहां पहुंची और पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि रेस्ट हाउस का रजिस्टर भी अपने साथ ले जाया गया है- ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि कमरा किसके नाम से बुक था और ठहरने की अवधि क्या रही। सूत्र यह भी संकेत दे रहे हैं कि हिरासत में लिए गए युवक हिमाचल के निवासी नहीं हैं और अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पाएं सरकारी नौकरी : 700 पदों पर निकली बंपर भर्ती, यहां जानें पूरी डिटेल
धर्मपुर में रोका गया वाहन
दिल्ली की टीम जब तीनों को लेकर राज्य की सीमा पार कर रही थी, तभी धर्मपुर क्षेत्र में हिमाचल पुलिस ने वाहन को रोका। यहां पर दोनों पक्षों के अधिकारियों के बीच लंबी बातचीत हुई। अंततः तीनों युवकों को दिल्ली पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर हिमाचल पुलिस अपने साथ ले गई।
कानूनी जानकारों का कहना है कि अंतर-राज्यीय कार्रवाई में स्थानीय पुलिस की जानकारी और सहयोग जरूरी माना जाता है, विशेषकर तब जब गिरफ्तारी वारंट और ट्रांजिट रिमांड जैसी प्रक्रियाएं शामिल हों।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी स्कूल के छात्र का कमाल, कबाड़ से बना डाला ट्रैक्टर- किसानों के आएगा काम
कोर्ट में पेशी की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, हिमाचल पुलिस तीनों युवकों को स्थानीय अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट हो सके। हालांकि प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में आधिकारिक बयान देने से फिलहाल बच रहे हैं।
जानें क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि दिल्ली में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान हुए प्रदर्शन से जुड़ी जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई। दिल्ली पुलिस इस प्रकरण को लेकर पहले से ही कई लोगों से पूछताछ कर रही है। रोहड़ू में ठहरे इन युवकों की भूमिका क्या रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के प्रिंस ने गणित में JRF किया क्वालीफाई, देशभर में पाया 28वां रैंक
आमने-सामने हिमाचल और दिल्ली पुलिस
घटना ने अंतर-राज्यीय पुलिस समन्वय और कानूनी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब नजर इस बात पर है कि अदालत में क्या रुख सामने आता है और दोनों राज्यों की पुलिस अपने-अपने पक्ष को किस तरह स्थापित करती है।
