सिरमौर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में इस बार कई विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शानदार सफलता हासिल कर प्रेरणा दी है। इन्हीं मेधावी छात्रों में विक्रांत का नाम भी शामिल है- जिसने संघर्षों से भरी जिंदगी के बीच पढ़ाई जारी रखते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया।

विक्रांत ने 700 में से 691 अंक किए हासिल

शिवा पब्लिक स्कूल बेहरीवाल के छात्र विक्रांत ने 700 में से 691 अंक प्राप्त किए हैं। उसने 98.71 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में नौवां स्थान प्राप्त किया। जैसे ही रिजल्ट घोषित हुआ, परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें- 10TH RESULT- सरकारी स्कूल से ही निकला दूसरा टॉपर, गांव के छात्र ने गाड़ा सफलता का झंडा

मां ने खेतीबाड़ी कर पढ़ाया लाडला

विक्रांत एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखता है। कुछ वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो गया था। पिता के जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसकी मां के कंधों पर आ गई। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उसकी मां ने हार नहीं मानी और खेतीबाड़ी कर अपने बेटे और बेटी की पढ़ाई जारी रखी।

बेट ने चमकाया नाम

विक्रांत ने बताया कि उसकी सफलता के पीछे उसकी मां की मेहनत और त्याग सबसे बड़ी ताकत है। उसने कहा कि मां ने कठिन हालात में भी कभी पढ़ाई रुकने नहीं दी। खेतों में दिनभर मेहनत करने के बाद भी वह बच्चों की पढ़ाई को लेकर हमेशा चिंतित रहती थीं।

यह भी पढ़ें- HPBOSE : 10वीं में फेल हुए बच्चे न करें चिंता, बोर्ड देगा दूसरा मौका- जून में फिर दे सकते हैं पेपर

इंजीनियर बनना चाहता है विक्रांत

विक्रांत ने अपनी उपलब्धि का श्रेय मां, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है। उसने बताया कि वह आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहता है। फिलहाल वह नाहन करियर अकैडमी स्कूल में जमा एक में नॉन मेडिकल विषयों की पढ़ाई कर रहा है। उसका सपना JEE MAINS परीक्षा पास कर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर बनने का है।

83.87 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में इस वर्ष 83.87 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे हैं। कुल 93,694 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 78,150 पास हुए। इस बार मेरिट सूची में रिकॉर्ड 107 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है।

यह भी पढ़ें- 10TH RESULT : सरकारी स्कूल की रूहानी बनी हिमाचल की टॉपर, 700 में से झटके 698 अंक

सबके लिए प्रेरणा बना विक्रांत

विक्रांत की सफलता अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण परिवेश और कठिन हालात के बावजूद उसकी मेहनत ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे परिस्थितियां छोटी पड़ जाती हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें