नाहन सिरमौर। हिमाचल प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शिक्षा हो, खेल का मैदान हो, प्रशासनिक सेवाएं हों या फिर स्वास्थ्य क्षेत्र, प्रदेश की बेटियां लगातार सफलता के नए मुकाम हासिल कर रही हैं। किसी गांव की एक बेटी जब बड़ी उपलब्धि हासिल करती है तो पूरा परिवार ही नहीं, बल्कि गांव और आसपास का क्षेत्र भी गर्व से भर उठता है। लेकिन जब एक ही इलाके की तीन बेटियां एक साथ सफलता का परचम लहराएं तो यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए यादगार बन जाती है।
एक साथ तीन बेटियों ने हासिल की बड़ी सफलता
ऐसी ही गौरवशाली सफलता की खबर जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के मस्तभोज इलाके से तीन होनहार बेटियों ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स (एलोपैथी) के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवारों का सपना साकार किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान भी बढ़ाया है। तीनों बेटियों की इस उपलब्धि के बाद मस्तभोज क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर स्वास्थ्य सेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में चयनित होना उनकी मेहनत और समर्पण की मिसाल बन गया है।
यह भी पढ़ें : माइनस तापमान में आस्था की मिसाल! बर्फ से जमी मणिमहेश झील में जम्मू के श्रद्धालुओं ने किया स्नान
माशू की दो बेटियों ने एक साथ हासिल की कामयाबी
इस उपलब्धि को और भी खास बना रही है माशू गांव की दो बेटियों की सफलता। एक ही गांव की दो बेटियों ने इस चयन में जगह बनाकर अपने गांव को गौरवान्वित किया है, जबकि तीसरी बेटी कांडों चियोग गांव से संबंध रखती हैं। चयनित बेटियों में कांडों चियोग निवासी पूजा चौहान पुत्री प्रताप सिंह चौहान, माशू गांव निवासी अनामिका धीमान पुत्री नेत्र सिंह और माशू गांव की ही पूजा चौहान पुत्री बहादुर सिंह शामिल हैं।
यहां से हासिल की नर्सिंग की शिक्षा
तीनों बेटियों ने नाहन स्थित नर्सिंग कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के दौरान हासिल किए गए ज्ञान और प्रशिक्षण को उन्होंने अपनी मेहनत के साथ जोड़ा और अब इस सफलता तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की है। इनमें अनामिका धीमान ने हाल ही में वर्ष 2025 में अपनी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी। उनके पिता नेत्र सिंह पुलिस विभाग में नाहन में सेवाएं दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें : ठंड के आगोश में हिमाचल: रोहतांग में जम गई झीलें, 5 हजार से अधिक पर्यटकों से गुलजार हुई घाटी
छोटे गांवों से निकलकर बड़े सपने पूरे कर रहीं बेटियां
मस्तभोज की इन बेटियों की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की जाए तो छोटे से गांव से निकलकर भी बड़े मुकाम तक पहुंचा जा सकता है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की उन बेटियों के लिए यह उपलब्धि एक नई उम्मीद लेकर आई है, जो पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने पैरों पर खड़ा होने और परिवार के साथ-साथ समाज का नाम रोशन करने का सपना देखती हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शिक्षा के मंदिर में छात्रा से नीच हरकत, साथ पढ़ने वाले सहपाठी की बिगड़ी नियत; मामला दर्ज
स्वास्थ्य सेवा में अब निभाएंगी जिम्मेदारी
स्वास्थ्य सेवा का क्षेत्र केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना से जुड़ा हुआ है। असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद पर चयनित होकर इन तीनों बेटियों के सामने अब लोगों की सेवा करने और स्वास्थ्य व्यवस्था में अपनी भूमिका निभाने का अवसर होगा। नर्सिंग जैसे पेशे में धैर्य, संवेदनशीलता, अनुशासन और समर्पण की जरूरत होती है। ऐसे में उनकी यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला: केबल तार बिछाने-अवैध निर्माण पर लगेगा भारी जुर्माना, जेल भी होगी
परिजनों और क्षेत्रवासियों ने दी बधाई
इस सफलता पर तीनों बेटियों के परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि इन बेटियों ने अपनी उपलब्धि से मस्तभोज क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई दी है। विशेष रूप से माशू गांव की दो बेटियों का एक साथ चयन होना ग्रामीण क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा बनेगा। वहीं कांडों चियोग की पूजा चौहान की सफलता ने भी गांव और आसपास के लोगों को गौरवान्वित किया है।
तीन परिवारों की खुशी बनी पूरे क्षेत्र का गौरव
आज इन तीन बेटियों की कामयाबी केवल तीन परिवारों की खुशियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे मस्तभोज क्षेत्र की सामूहिक उपलब्धि बन गई है। इनकी सफलता ने साबित किया है कि हिमाचल की बेटियां अवसर मिलने पर हर चुनौती को पार कर सकती हैं और अपने हुनर से नई पहचान बना सकती हैं। उम्मीद है कि तीनों बेटियां अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं देकर भविष्य में भी क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
