शिमला। स्वतंत्रता दिवस 2026 हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के लिए गौरव का अवसर लेकर आया है। देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रदेश के पुलिस और होमगार्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी सम्मान सूची में हिमाचल के 6 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, ईमानदारी, साहस और उत्कृष्ट सेवा के दम पर न केवल अपने विभाग का गौरव बढ़ाया, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

DIG गुरदेव चंद को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक

हिमाचल पुलिस के डीआईजी गुरदेव चंद शर्मा को उनकी उत्कृष्ट और दीर्घकालीन सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक (PSM) से सम्मानित किया गया है। पुलिस सेवा में उनके योगदान और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया है। राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक पुलिस विभाग में मिलने वाले महत्वपूर्ण सम्मानों में शामिल है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरदेव चंद शर्मा को यह सम्मान मिलना हिमाचल पुलिस के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दुल्हन लेने निकला दूल्हा.. उफनते नाले ने रोका रास्ता, बारातियों ने पीठ बैठाकर पार करवाया

IG अभिषेक दुल्लर समेत तीन पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक

हिमाचल पुलिस के आईजी अभिषेक दुल्लर, इंस्पेक्टर अमर सिंह और एएसआई जगबीर सिंह को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक (MSM) से सम्मानित किया गया है। इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। उनकी सेवाओं और कार्य के प्रति समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह मान्यता हिमाचल पुलिस के लिए गौरव की बात है।

होमगार्ड के दो अधिकारियों को भी राष्ट्रीय सम्मान

इस बार हिमाचल प्रदेश होमगार्ड्स एवं सिविल डिफेंस के दो अधिकारियों को भी प्रतिष्ठित पदकों के लिए चुना गया है। 7वीं वाहिनी कुल्लू के मानद कंपनी कमांडर प्रेम राज को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है। प्रेम राज ने फायर फाइटिंग, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफेंस और प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों से लेकर जवानों के प्रशिक्षण तक उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल से युवती लापता, घर छोड़ने से पहले बनाया वीडियो- मां-बाप पर लगाए गंभीर आरोप

खेम चंद को सराहनीय सेवा पदक

वहीं तीसरी वाहिनी के मानद प्लाटून कमांडर खेम चंद को भी उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। प्रशिक्षण, परेड, अनुशासन और परिचालन तैयारियों में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान दिया गया है। होमगार्ड संगठन में लंबे समय से सेवाएं दे रहे खेम चंद के लिए यह सम्मान उनके समर्पण और कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।

स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान से बढ़ा प्रदेश का गौरव

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हिमाचल पुलिस और होमगार्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय पदकों से सम्मानित किए जाने से प्रदेश में गर्व का माहौल है। इन सम्मानों ने यह भी साबित किया है कि हिमाचल के पुलिस और होमगार्ड कर्मी कानून-व्यवस्था से लेकर आपदा प्रबंधन और जनसेवा तक विभिन्न मोर्चों पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बेरोजगारों को बड़ी राहत, 10वीं पास की 500 पदों पर भर्ती- जानें डिटेल

विभाग ने दी सम्मानित कर्मियों को बधाई

हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पाने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। विभाग की ओर से कहा गया कि इन अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धियां प्रदेश पुलिस के प्रत्येक रैंक के लिए प्रेरणादायक हैं।

 

वहीं महानिदेशक एवं महाआदेशक गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन सेवाएं एवं एसडीआरएफ संतवत अटवाल ने भी पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां संगठन के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करती हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें