#अपराध
August 15, 2026
हिमाचल से युवती लापता, घर छोड़ने से पहले बनाया वीडियो- मां-बाप पर लगाए गंभीर आरोप
घर छोड़ने से पहले बनाया वीडियो
शेयर करें:

सिरमौर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जब देश आजादी का जश्न मना रहा है, वहीं आज भी कई महिलाएं अपनी जिंदगी से जुड़े फैसले लेने की आजादी के लिए संघर्ष करती नजर आती हैं। कहीं शादी के लिए दबाव बनाया जाता है, तो कहीं अपनी पसंद के मुताबिक जिंदगी जीने की आजादी नहीं मिलती।
ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से सामने आया है। यहां एक युवती घर से लापता हो गई। घर छोड़ने से पहले युवती ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने अपने माता-पिता पर प्रताड़ित करने, पढ़ाई और अपने करियर को लेकर रोक-टोक करने के साथ अपनी पसंद की जिंदगी जीने की आजादी नहीं देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामला जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन से सामने आया है। घर से जाने से पहले युवती ने एक वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती ने अपने माता-पिता पर प्रताड़ित करने के कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि वह घर में काफी परेशान थी और अब घर छोड़कर जा रही है।
वीडियो में युवती ने आरोप लगाया है कि उसके पिता उसके साथ मारपीट करते हैं। उसका कहना है कि उसे ठीक से पढ़ने भी नहीं दिया जाता। युवती ने बताया कि वह आर्टिस्ट है और उसकी मास्टर्स की पढ़ाई पूरी हो चुकी है।
युवती ने आरोप लगाया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद भी उसे आर्टिस्ट के तौर पर काम करने की इजाजत नहीं दी जाती। उसने यह भी कहा कि वह जो पेंटिंग्स बनाती है, उन्हें परिवार की ओर से फाड़ दिया जाता है। युवती के मुताबिक वह अपने हुनर के हिसाब से काम करना चाहती है, लेकिन उसे ऐसा करने से रोका जाता है।
युवती ने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि उस पर शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था। उसने कहा कि वह काफी समय से परिवार की इन बातों और दबाव से परेशान थी। युवती ने कहा कि वह अब घुट-घुटकर नहीं जी सकती और बहुत कुछ सह चुकी है। इसी वजह से उसने घर छोड़ने का फैसला लिया।
युवती के लापता होने की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। उसकी तलाश के लिए एक टीम भी बनाई गई है। पुलिस संभावित जगहों पर उसकी तलाश कर रही है और मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें : 10वीं क्लास की छात्रा का प्रेग्नेंसी टेस्ट पॉजिटिव, छुट्टियां बिताने मां के साथ गई थी चंडीगढ़
पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे युवती के वीडियो को भी जांच में शामिल कर रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती किन परिस्थितियों में घर से गई और फिलहाल वह कहां है।
SP सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मामले में अपहरण का केस दर्ज किया गया है। युवती की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और पुलिस उसे ढूंढने में जुटी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवती को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।
SP ने बताया कि युवती के मिलने के बाद उसके बयान न्यायालय में दर्ज करवाए जाएंगे। उसके बयानों और जांच में सामने आने वाली बातों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवती के बयान के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि उसने घर क्यों छोड़ा और वीडियो में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या है।