हमीरपुर। अगर कड़ी मेहनत, अनुशासन और मन में लक्ष्य ठान लिया हो तो कोई भी परीक्षा असंभव नहीं होती। इसी बात को साबित कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला की नेहा पटियाल ने। नेहा ने अपने संघर्ष और कड़ी मेहनत से बड़ी सफलता हासिल की है।

नेहा ने पास की UPSC CMS

MBBS की व्यस्त पढ़ाई के बीच भी उन्होंने UPSC CMS जैसी देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक की तैयारी जारी रखी। इतना ही नहीं नेहा ने परीक्षा में ऑल इंडिया 111वीं रैंक हासिल की। ये सफलता हासिल कर नेहा न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल बालिका आश्रम से भागी दो लड़कियां : 200 KM दूर पकड़ी, कहां भागने की थी तैयारी?

पढ़ाई के साथ की परीक्षा की तैयारी

नेहा नाहवीं गाव की रहने वाली हैं। नेहा के पिता सुभाष चंद बताते हैं कि मेडिकल की पढ़ाई के दौरान नेहा का समय बेहद सीमित रहता था। अस्पताल की ड्यूटी, पढ़ाई और प्रेक्टिकल के बीच वह रोज़ कुछ घंटे UPSC CMS की तैयारी के लिए जरूर निकालती थीं।

लक्ष्या से नहीं किया समझौता

कई बार थकान और दबाव के बावजूद उन्होंने कभी लक्ष्य से समझौता नहीं किया। निरंतर अध्ययन, सिलेबस की सही समझ और आत्मविश्वास ने आखिरकार उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बच्चों को पोलियो पिलाने जा रही थी हर्षा, पैर फिसलने से खाई में गिरी बेचारी- त्यागे प्राण

नेहा को आदर्श मानता है छोटा भाई

नेहा की सफलता के पीछे उनका पारिवारिक माहौल भी अहम रहा है। पिता सुभाष चंद भारतीय सेना में सेवारत हैं, जिनसे नेहा को अनुशासन, समय प्रबंधन और देशसेवा की भावना मिली। मां एक गृहिणी हैं, जिन्होंने हर मोड़ पर बेटी को भावनात्मक सहारा दिया। नेहा के दो छोटे भाई भी अपनी बहन की इस उपलब्धि से बेहद प्रेरित हैं और उसे अपने लिए आदर्श मानते हैं।

CM सुक्खू ने दी बधाई

नेहा की इस बड़ी कामयाबी पर प्रदेश भर में खुशी का माहौल है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी नेहा को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहा जैसी प्रतिभाशाली युवा प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय हैं, जो आने वाली पीढ़ी को मेहनत और समर्पण के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल दलित महिला केस: किसे बचा रही थी पुलिस? SHO सस्पेंड, DC-SP भी...

नेहा का युवाओं को संदेश

नेहा का मानना है कि सही योजना, निरंतर अभ्यास और खुद पर भरोसा ही सफलता की असली कुंजी है। उनकी यह उपलब्धि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो पढ़ाई के दबाव या संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से समझौता कर लेते हैं। नेहा ने यह संदेश दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो एक साथ कई चुनौतियों को पार किया जा सकता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें