चंबा। कहते है ना कि जब हौसला भर दिया ऊंची उड़ान का, फिर फिजूल है देखना कद आसमान का। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है, और चंबा जिले के दूरस्थ क्षेत्र से एक होनहार छात्रा पुष्पा ने अपनी मेहनत और जज़्बे से प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बना ली है।
472 अंक किए प्राप्त
बताते चलें कि पुष्पा ने 500 में से 472 अंक प्राप्त किए हैं। 94.4 प्रतिशत अंक लेकर पुष्पा ने अपने गरीब माता-पिता का नाम रोशन किया है। बता दें कि पुष्षा बचपन से ही काफी मेहनती बच्ची है।
यह भी पढ़ें : HP Board 12th Result : सरकारी स्कूल की अंकिता बनी आर्ट्स की टॉपर, पूरे प्रदेश में चमकाया नाम
पिता करते हैं मिस्त्री का काम
पुष्पा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) चरड़ा की छात्रा हैं। उनके पिता भूरी सिंह मेहनतकश मिस्त्री हैं और माता नीता कुमारी गृहिणी। परिवार में चार बहनें और एक भाई है। सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी पुष्पा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सच्ची लगन और मेहनत किसी भी बाधा को पार कर सकती है।
चाचा-चाची ने पुष्पा को किया सपोर्ट
पुष्पा की इस सफलता के पीछे उनके चाचा गुरुदेव और चाची रीता कुमारी का भी अहम योगदान रहा। दोनों ही शिक्षक (TGT) हैं और उन्होंने समय-समय पर पुष्पा को न सिर्फ शैक्षणिक मार्गदर्शन दिया, बल्कि मानसिक तौर पर भी मजबूत किया। दोनों ने दसवीं के बाद पुष्पा का मार्गदर्शन किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की बेटी महक ने रचा इतिहास- 12वीं में पूरे प्रदेश की टॉपर बनी, खुशी से भावुक हुए माता-पिता
टॉप-10 में 61 बेटियां, बेटियां फिर अव्वल
हिमाचल बोर्ड द्वारा जारी टॉप-10 मेरिट सूची में कुल 75 विद्यार्थी शामिल हैं, जिनमें 61 छात्राएं और केवल 14 छात्र हैं। यह आंकड़ा बताता है कि हिमाचल की बेटियां पढ़ाई में लगातार आगे बढ़ रही हैं और हर साल खुद को साबित कर रही हैं।
संयुक्त दूसरे स्थान पर धर्मशाला, बैजनाथ और रैत की बेटियां
महक के बाद 96.6% अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान तीन छात्राओं ने साझा किया है:
- खुशी – धौलाधार पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शामनगर (धर्मशाला)
- जाह्नवी ठाकुर – भारती विद्यापीठ पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बैजनाथ
- अंकिता – सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रैत
यह भी पढ़ें : HP बोर्ड 12वीं का रिजल्ट : तीनों स्ट्रीम में लड़कियों ने मारी बाजी, टॉप-10 में लड़कों को पछाड़ा
डीसी कांगड़ा और बोर्ड चेयरमैन ने किया रिजल्ट जारी
परीक्षा परिणाम की औपचारिक घोषणा डीसी कांगड़ा और स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन हेमराज बैरवा ने की। बोर्ड सचिव डॉ. विशाल शर्मा भी इस मौके पर मौजूद रहे। इस बार प्रदेश भर में 12वीं कक्षा का कुल परिणाम 83.16% रहा है।
