मंडी। कहते हैं, जब समर्पण और मेहनत साथ हो तो कोई भी मुकाम मुश्किल नहीं होता। छोटे से स्कूल की एक छात्रा ने यह साबित कर दिखाया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो सपनों की ऊंचाइयां छूना भी संभव है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नवाही के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 12वीं की छात्रा कुमारी छाया अपनी मेहनत, अनुशासन और देशभक्ति के दम पर अब राज्य स्तरीय परेड में कदमताल करेंगी।
NSS छात्रा का गणतंत्र दिवस 2026 के लिए चयन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडी जिले की होनहार छात्रा छाया कुमारी का चयन हाल ही में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल), ऊना में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की प्रक्रिया के दौरान हुआ। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति गहन समर्पण के दम पर छाया अब गणतंत्र दिवस परेड-2026 में कदमताल करती नजर आएंगी। यह उपलब्धि उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है, जिसने उन्हें यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल करने में सक्षम बनाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रिश्तेदार के चिट्टा केस में बोले BJP MLA- पुलिस बदनाम कर रही है
छाया को दिया मार्ग दर्शन
उनकी यह सफलता केवल नवाही स्कूल के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी सरकाघाट तहसील के लिए गर्व और सम्मान की बात है। इस उपलब्धि में NSS अधिकारियों का मार्गदर्शन भी बहुत महत्वपूर्ण रहा। महिला कार्यक्रम अधिकारी अमिता शर्मा और पुरुष कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र वर्मा ने छाया को इस मुकाम तक पहुंचने में लगातार मदद और प्रोत्साहन दिया।
प्रधानाचार्य ने व्यक्त की अपनी खुशी
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश पठानिया ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि कुमारी छाया बहुत ही समर्पित, अनुशासित और मेहनती छात्रा हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल का प्रयास हमेशा यही रहा कि उनकी प्रतिभा को निखारा जाए और उन्हें आगे बढ़ने के अच्छे अवसर और सही मार्गदर्शन मिले, जिससे वे यह सफलता हासिल कर सकीं।
उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं
इस खास मौके पर विद्यालय प्रशासन और प्रबंधन समिति ने कुमारी छाया और उनके माता-पिता को दिल से बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। छाया की यह उपलब्धि न केवल उनके अथक प्रयासों का परिणाम है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है, यह साबित करती है कि समर्पण, मेहनत और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
