मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र के एक छोटे से गांव के युवा ने अपनी मेहनत और तकनीकी हुनर के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तताहर गांव के रहने वाले शौर्यन शर्मा ने प्रतिष्ठित टेक कंपनी गूगल इंडिया में नई जिम्मेदारी संभाली है। उन्हें कंपनी में तकनीकी समाधान सलाहकार के तौर पर नियुक्त किया गया है। फिलहाल शौर्यन हैदराबाद में कार्यरत हैं।

50 लाख रुपये का मिला पैकेज

गांव से निकलकर देश की बड़ी टेक कंपनी तक पहुंचने की उनकी यह कामयाबी परिवार के साथ पूरे सरकाघाट क्षेत्र के लिए खुशी की बात है। शौर्यन को गूगल इंडिया में करीब 50 लाख रुपये सालाना पैकेज मिलने की जानकारी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की सड़कों पर दौड़ेंगी 350 नई बसें- पुरानी होंगी बेड़े से बाहर, कल लिया जाएगा फैसला

बैंक ऑफ अमेरिका में भी किया काम

गूगल इंडिया पहुंचने से पहले शौर्यन बैंक ऑफ अमेरिका में करीब तीन साल तक काम कर चुके हैं। यहां उन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर तकनीकी क्षेत्र में काम किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षित सॉफ्टवेयर सिस्टम, रियल टाइम API सेवाओं और साइबर सिक्योरिटी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में गीला-सूखा कचरा अलग करना जरूरी, नियम तोड़े तो कटेगा पानी-बिजली कनेक्शन

अमेरिका में पेटेंट दर्ज

शौर्यन के तकनीकी काम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। उनके नाम अमेरिका में इलेक्ट्रॉनिक डाटा रिकॉर्ड को सुरक्षित तरीके से रखने और आपस में जोड़ने से संबंधित पेटेंट दर्ज है। यह तकनीक ब्लॉकचेन और डिस्ट्रीब्यूटेड लेजर टेक्नोलॉजी से जुड़ी है।

पढ़ाई के दौरान ही तकनीक में थी दिलचस्पी

शौर्यन ने अपनी स्कूली पढ़ाई फरीदाबाद के मॉडर्न दिल्ली पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी VIT से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में 5 दिन भारी बारिश का दौर: कई इलाकों में अलर्ट जारी, जानें कब होगी मानसून की विदाई

कॉलेज के दौरान ही उनकी रुचि सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, UI/UX डिजाइन और फ्रंट एंड टेक्नोलॉजी में रही। वह VIT के कोडशेफ क्लब से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ACM-VIT के Aptitude-21 Hackathon में ऐप डेवलपमेंट प्रतियोगिता में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया था।

फुटबॉल और संगीत के भी शौकीन

शौर्यन के पिता विनोद कुमार शर्मा ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि पढ़ाई और नौकरी के अलावा शौर्यन को फुटबॉल और संगीत में भी काफी रुचि है। तताहर जैसे गांव से शुरू हुआ शौर्यन का सफर अब गूगल इंडिया जैसी बड़ी टेक कंपनी तक पहुंच चुका है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें