शिमला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आज सुबह 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार जिला सिरमौर के सरकारी स्कूलों ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है।
दुर्गम इलाके के चार विद्यार्थी मेरिट में
खास बात यह रही कि दुर्गम क्षेत्रों से जुड़े चार छात्र-छात्राओं ने मेरिट सूची में जगह बनाकर यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी भी मेहनत के आगे छोटी पड़ जाती है।
यह भी पढ़ें- HP बोर्ड 12वीं का रिजल्ट घोषित : अंशित ने किया पूरे प्रदेश में टॉप- 92 प्रतिशत छात्र पास
सरकारी स्कूल के बच्चों का दबदबा
जिला सिरमौर से मेरिट में शामिल इन चार छात्रों में तीन छात्राएं और एक छात्र शामिल हैं, जो सभी सरकारी स्कूलों से जुड़े हैं। कला संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार की छात्रा आरुषि ने 500 में से 495 अंक हासिल कर 99 प्रतिशत के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार की समृद्धि ने 489 अंक (97.8 प्रतिशत) लेकर मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल किया।
जिले का नाम किया रोशन
इसी स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाना पालर की छात्रा रुचिका ने भी 489 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दोनों छात्राओं ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल के कई स्कूलों को ब.म से उड़ाने की धमकी: खाली करवाए परिसर, बच्चों को भेजा घर
चुनौतियों की दी मात
वहीं, विज्ञान संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर के छात्र आरव शर्मा ने 500 में से 490 अंक (98 प्रतिशत) हासिल कर पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
गौर करने वाली बात यह है कि ये सभी स्कूल दुर्गम क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच पढ़ाई होती है। इसके बावजूद इन छात्रों की सफलता यह दिखाती है कि लगन और मेहनत के दम पर किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की इस पंचायत में चुनावी टकराव खत्म : निर्विरोध चुने प्रधान-उप प्रधान, मिलेंगे 25 लाख रुपये
निजी स्कूलों को पछाड़ा
इस बार के परिणामों में जहां एक ओर ग्रामीण और दूरदराज के सरकारी स्कूलों का दबदबा देखने को मिला। वहीं शहरी और निजी स्कूल मेरिट सूची में अपेक्षाकृत पीछे नजर आए। यह बदलाव शिक्षा व्यवस्था में सरकारी स्कूलों की मजबूत होती स्थिति की ओर भी इशारा करता है।
