#विविध
May 4, 2026
HP बोर्ड 12वीं का रिजल्ट घोषित : अंशित ने किया पूरे प्रदेश में टॉप- 92 प्रतिशत छात्र पास
पिछले वर्ष की तुलना में इस साल 13 दिन पहले ही परिणाम घोषित कर दिया है
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जमा दो के हजारों विद्यार्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म कर दिया है। बोर्ड ने वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें इस बार कुल पास प्रतिशत 92.02 फीसदी दर्ज किया गया है।
इस वर्ष 81,109 परीक्षार्थियों के लिए प्रदेशभर में 2,384 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और इन केंद्रों की लाइव निगरानी भी की गई। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए 41 स्पॉट सेंटर स्थापित किए गए थे। परिणाम में 74,637 विद्यार्थी सफल घोषित हुए हैं, जबकि 3,071 को कम्पार्टमेंट आई है।
मेधावी छात्रों की बात करें तो अंशित ने टॉप किया है। साथ ही साइंस संकाय में जिला कांगड़ा के छतड़ी की शाइना कश्यप ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि जिला ऊना के अंब की संचिता दूसरे स्थान पर रही हैं।
इस बार बोर्ड ने पिछले वर्ष की तुलना में 13 दिन पहले ही परिणाम घोषित कर दिया है- जिससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और करियर की योजना बनाने में सहूलियत मिलेगी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स- तीनों संकायों का परिणाम एक साथ जारी किया गया है। पूरा रिजल्ट डिजिटल माध्यम से उपलब्ध है और विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर डालकर अपना स्कोर कार्ड आसानी से देख सकते हैं।
समय पर परिणाम जारी होने से उन विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा- जो देशभर के विश्वविद्यालयों में दाखिले की तैयारी कर रहे हैं या NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले हैं।
गौरतलब है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत जमा दो की परीक्षाएं 3 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। जबकि, पिछले साल परिणाम 17 मई 2025 को घोषित किया गया था। इस बार पहले ही रिजल्ट जारी कर बोर्ड ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है।