#अपराध
May 4, 2026
हिमाचल के कई स्कूलों को ब.म से उड़ाने की धमकी: खाली करवाए परिसर, बच्चों को भेजा घर
अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, लोगों में अफरा-तफरी का माहौल
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया- जब शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई।
यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसकी सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन तुरंत सतर्क हो गया। एहतियात के तौर पर अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को तुरंत घर ले जाने को कहा गया।
मैसेज मिलते ही अभिभावकों में घबराहट फैल गई और वे जल्दबाजी में स्कूलों की ओर दौड़ पड़े। कई स्कूलों के बाहर अचानक भीड़ का माहौल बन गया, जहां माता-पिता अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। गौरव सिंह ने बताया कि यह एक सामान्य धमकी के रूप में सामने आई है, लेकिन इसे गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया और हर संदिग्ध वस्तु की जांच की गई।
सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में मॉक ड्रिल भी करवाई गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए छात्रों और स्टाफ को तैयार रखा जा सके। पुलिस के अनुसार अभी तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
धमकी के स्रोत और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर टीम ईमेल के जरिए भेजे गए संदेश की जांच कर रही है, ताकि इसकी सच्चाई तक पहुंचा जा सके।
इससे पहले भी प्रदेश में इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय, सचिवालय और विभिन्न जिलों के डीसी कार्यालयों को भी बीते समय में इस तरह के धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं, हालांकि जांच में वे ज्यादातर अफवाह या शरारती तत्वों की हरकत ही निकले।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।