केलांग (लाहौल-स्पीति)। हिमाचल प्रदेश की वादियों में दोस्तों के साथ घूमने आया एक युवा पर्यटक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। एक अन्य व्यक्ति की मदद करने के दौरान हुए इस हादसे ने खुशियों भरे ट्रिप को मातम में बदल दिया। युवक की मौत उस समय हो गई] जब वह सड़क किनारे एक कार चालक को वाहन बैक करने में सहायता कर रहा था। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से कार की टक्कर लगने पर युवक गहरी खाई में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद युवक के दोस्त और परिजन सदमे में हैं। जिस यात्रा को यादगार बनाने के लिए पांच दोस्त हिमाचल आए थे, उसी यात्रा का अंत एक साथी की मौत के साथ हुआ। अब उसके दोस्त अपने साथी की पार्थिव देह के साथ घर लौट रहे हैं।

दोस्तों के साथ घूमने आया था हिमाचल

मृतक की पहचान हरियाणा के फतेहाबाद शहर की अग्रवाल कॉलोनी निवासी भूपेंद्र भाटी के रूप में हुई है। भूपेंद्र अपने चार दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने आया था। सभी मित्र हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर पर्यटन यात्रा पर निकले थे। बताया जा रहा है कि पांचों दोस्त 25 जून को फतेहाबाद से रवाना हुए थे। मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के बाद वे लाहौल-स्पीति क्षेत्र की ओर निकल गए थे। उनका कार्यक्रम सोमवार तक घर लौटने का था, लेकिन उससे पहले यह दुखद घटना हो गई।

 

यह भी पढ़ें : ऑरेंट अलर्ट पर हिमाचल: मानसून के पहले ही दिन फटा बादल, पुल बहा; 44 सड़कें हो गई बंद

कार बैक करवाने में कर रहा था मदद

जानकारी के अनुसार रविवार रात को युवक और उसके दोस्त वापसी के दौरान रास्ते में एक स्थान पर चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक कार चालक ने वाहन को पीछे करने में सहायता मांगी। भूपेंद्र चालक की मदद के लिए आगे आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान अचानक कार चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी तेज झटके के साथ पीछे की ओर बढ़ गई। कार की टक्कर लगने से भूपेंद्र सड़क किनारे संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा।

बचाव अभियान चला, लेकिन नहीं बच सकी जान

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे ने मौके पर मौजूद दोस्तों को झकझोर कर रख दिया। कुछ ही पलों में उनके सामने घूमने-फिरने का उत्साह मातम में बदल गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: डिलीवरी के बाद मां की मौ*त पर बवाल, अस्पताल में उग्र भीड़ ने किया प्रदर्शन; मांगी निष्पक्ष जांच

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भूपेंद्र अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता सुल्तान सिंह भाटी एक बैंक में प्रबंधकीय पद पर कार्यरत हैं। परिवार में दो बहनों के बीच भूपेंद्र सबसे छोटा और इकलौता पुत्र था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और अन्य परिजन हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए। बेटे की असमय मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल को 16वें वित्त आयोग से बड़ी सौगात, पहली किस्त में मिलेंगे 240 करोड़; पंचायतों की बल्ले-बल्ले

पोस्टमार्टम के बाद घर के लिए रवाना हुआ शव

परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम पूरा किया गया। इसके बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के दोस्त, जो कुछ दिन पहले उसके साथ घूमने आए थे, अब उसी साथी की पार्थिव देह के साथ अपने घर लौट रहे हैं। फतेहाबाद पहुंचने पर बुधवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें : बड़ी खबर: हिमाचल में सस्ता हुआ पेट्रोल और डीजल, LPG सिलेंडर के भी घटाए दाम, जानें नई कीमतें

खुशियों का सफर मातम में बदला

पर्यटन यात्रा पर निकले पांच दोस्तों ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि उनका एक साथी घर वापस नहीं लौट पाएगा। हिमाचल की खूबसूरत वादियों में शुरू हुआ यह सफर एक दर्दनाक हादसे के साथ समाप्त हो गया। एक छोटी सी मदद करने की कोशिश ने एक युवा जिंदगी छीन ली और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें