स्वारघाट (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और वाहन चालकों की कथित लापरवाही के कारण हो रहे भीषण हादसे कई परिवारों की खुशियां छीन रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा बिलासपुर जिले की सीमा से सटे कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गांव बरूवाल के नजदीक पेश आया, जहां हिमाचल प्रदेश की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने कीरतपुर साहिब थाने के बाहर धरना दिया और मुख्य मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रखा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक हादसे के लिए जिम्मेदार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : तेज रफ्तार कार का कहर- पहले बस को मारी टक्कर, फिर 3 लोगों को कुचला- दो की थमीं सांसें

तेज रफ्तार थार ने 2 को रौंदा

जानकारी के अनुसार हादसा गत बुधवार शाम करीब पांच बजे कुल्लू-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर गांव बरूवाल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश की ओर से कीरतपुर साहिब की तरफ जा रही एक थार गाड़ी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े तीन लोग उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलबीर सिंह और विश्वनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

यह भी पढ़ें : धरातल पर उतरी सुक्खू सरकार की नई पहल, भांग की खेती के लिए किसानों को मिले लाइसेंस

 

घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बलबीर सिंह (60) पुत्र जीत सिंह निवासी गांव बरूवाल और विश्वनाथ (32) पुत्र नंद लाल निवासी गांव पल्ली, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद चालक गाड़ी सहित फरार

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक गांव बरूवाल की सीमा में सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान हिमाचल की तरफ से आ रही थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके पर रुकने के बजाय गाड़ी सहित वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। दो लोगों की मौत और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

 

यह भी पढ़ें : क्या हिमाचल BJP में सब ठीक...! अनिल शर्मा की CM सुक्खू से नजदीकी बड़े उलटफेर के संकेत तो नहीं?

 

स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। उनका आरोप था कि इतनी गंभीर घटना के बाद चालक का मौके से फरार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने की मांग की।

थाने के बाहर परिजनों ने किया धरना प्रदर्शन

मृतकों के परिजनों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कीरतपुर साहिब थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई और प्रदर्शनकारियों ने कीरतपुर साहिब-मंडी मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारी आरोपी थार चालक की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक से टकराई कार... पति की आंखों के सामने पत्नी ने तोड़ा दम, तीन मासूम भी थे साथ

 

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क किनारे खड़े लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी और दो परिवारों ने अपने सदस्य खो दिए। ऐसे मामलों में लापरवाही बरतने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।

हिमाचल की सड़कों पर बढ़ते हादसे चिंता का विषय

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। कई दुर्घटनाओं में तेज रफ्तार, गलत ड्राइविंग और यातायात नियमों की अनदेखी जैसे कारण सामने आते रहे हैं। पहाड़ी रास्तों पर जरा-सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है, जबकि फोरलेन और खुले मार्गों पर तेज रफ्तार वाहन भी गंभीर खतरा बन रहे हैं। बरूवाल में हुआ यह हादसा भी सड़क पर लापरवाही के गंभीर नतीजों की याद दिलाता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें