मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी-कुल्लू के बीच सफर कर रहे लोगों के लिए गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा लेकर आई। हणोगी टनल के भीतर अचानक दो भारी ट्रक आमने-सामने आ गए।
हादसे में चार लोगों की मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कई लोग ट्रकों के अंदर ही फंस गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में 10वीं के छात्र की मौ**त - पांच साल से किसी और के घर साथ रह रहा था, जांच में जुटी पुलिस
टनल के अंदर आमने-सामने भिड़े ट्रक
हादसा मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर हणोगी टनल के अंदर हुआ। जानकारी के अनुसार एक ट्रक मंडी से कुल्लू की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक कुल्लू से मंडी की तरफ आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी में तीन लोगों की मौके पर ही मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उपचार के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या चार हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING: टनल में ट्रकों की जबरदस्त भिड़ंत, 3 लोगों की मौ..त- 2 की हालत नाजुक
ट्रक का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर ट्रक का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कई लोग वाहनों के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और राहत दल ने लोहे की रॉड और अन्य साधनों की मदद से क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सात घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे में घायल लोगों को पहले सीएचसी नगवाईं ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित किया। वहीं घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक और जोनल अस्पताल कुल्लू भेजा गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस ने पकड़ा ढेर सारा चिट्टा- 3 तस्कर गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क से कनेक्शन
दो घायल नेरचौक में रेफर
घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया। इसी दौरान एक घायल की मौत हो गई। फिलहाल सात लोगों के घायल होने की जानकारी है।
तेज रफ्तार की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे तेज रफ्तार को वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मिड-डे मील की खीर खाने से 47 बच्चे बीमार,अभी भी अस्पताल में भर्ती- शिक्षा विभाग में हड़कंप
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे के कारण टनल के भीतर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।
